सैन्य क्षेत्र में हत्या: सचिन को पहले शराब पिलाई, पीट-पीटकर मारा फिर शव जलाया, मोबाइल में कैद मर्डर मिस्ट्री
मेरठ के सबसे सुरक्षित कहे जाने वाले सैन्य क्षेत्र में हत्या हो गई, इसे लेकर जहां सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं वहीं पुलिस हत्या के खुलासे के लि प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार युवक को शराब पिलाई गई फिर मारपीटकर हत्या और शव जला दिया गया।
विस्तार
मेरठ के कंकरखेड़ा के नंगलाताशी निवासी सचिन की हत्या का राज उसके मोबाइल से खुल सकता है। मोबाइल गुरुवार रात कंकरखेड़ा में शिव चौक पर एक मजदूर को मिला था। उसने परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस कॉल डिटेल के जरिए हत्या की घटना के खुलासे का प्रयास कर रही है।
सचिन ने कुछ वर्ष पूर्व नंगलाताशी में प्लॉट खरीदकर मकान बनाया था। इसके बाद पत्नी मोनिका और पांच साल के बेटे दक्ष और एक 11 माह के बेटे के साथ वहां रहने लगा था। पिता सुखवीर और मां मुकेश देवी डौरली में किराए के घर में रहते हैं। छोटा भाई आकाश पशु चिकित्सक है और दिल्ली में नौकरी करता है। हाल ही में पत्नी का ऑपरेशन हुआ था। इसके चलते वह सास-ससुर के पास डौरली में थी।
गुरुवार शाम सात बजे पिता सुखवीर ने सचिन को फोन किया था। उसने बताया था कि वह घर पर अकेला है। शुक्रवार दोपहर जब सचिन को कॉल की गई तो उसका फोन किसी मजदूर ने उठाया। उसने बताया कि शिव चौक पर उसे मोबाइल पड़ा मिला। बाद में हत्या कर शव जलाने का पता चला।
यह भी पढ़ें: BKU Protest: मेरठ में भाकियू का थाने में डेरा, राकेश टिकैत ने BJP को सुनाई खरी-खोटी, PM मोदी पर किए कटाक्ष
चचेरे भाई निक प्रजापति ने बताया कि सचिन काफी सेहतमंद था। वह एक-दो लोगों के कब्जे में आने वाला नहीं था। उसे शराब पिलाई गई और नशा होने पर पीटकर हत्या करने के बाद शव जला दिया गया। ऐसे में माना जा रहा है कि हत्या करने वाले चार-पांच लोग हो सकते हैं।
सचिन की कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस उसके दोस्तों की कुंडली खंगाल रही है। चार दोस्तों के नंबर पुलिस को मिले हैं। हत्या के पीछे की वजह लेनदेन को लेकर विवाद है या कुछ और, पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
सैन्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सैन्य क्षेत्र में सड़क पर हत्या कर शव जलाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। घटनास्थल भले ही सदर बाजार क्षेत्र का है, लेकिन कंकरखेड़ा थाना वहां से करीब 300 मीटर दूर है। कस्बा चौकी 200 मीटर दूर है। ऐसी घटना हुई और किसी ने देखा तक नहीं, यह बात भी हैरान करने वाली है।