ट्रांसपोर्टर के बेटे की हत्या: सोफे पर लहूलुहान मिला शव, मौत से पहले विक्की ने पिता को खिलाए थे चाट-कुलचे
मेरठ के सुपरटेक ग्रीन विलेज में ट्रांसपोर्टर के बेटे की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। विक्की शर्मा ई-502 फ्लैट में शाम छह बजे बड़े भाई को सोफे पर मृत मिला। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुपरटेक ग्रीन विलेज के ई-502 फ्लैट में रविवार को ट्रांसपोर्टर सुनील शर्मा के बेटे विक्की शर्मा (28) की सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। शाम छह बजे उसका बड़ा भाई रिंकू घर पहुंचा तो विक्की कमरे में सोफे पर मृत अवस्था में मिला। सिर से खून बह रहा था।
दिनदहाड़े वारदात की सूचना पर पुलिस पहुंची। हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। विक्की का मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में लिया। इसकी सीडीआर से भी तथ्य जुटाए जाएंगे।
सुपरटेक निवासी सुनील शर्मा का टीपीनगर में ट्रांसपोर्ट और बॉडी मेकिंग का कारोबार है। बड़ा बेटा रिंकू भी उनके साथ ही काम देखता है। रिंकू की पत्नी वैष्णवी अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई हैं। शाम को सुनील और रिंकू काम पर गए थे। उनका छोटा बेटा विक्की घर पर अकेला था।
शाम को जब रिंकू घर पहुंचा तो विक्की को मृत देख दंग रह गया। बेटे ने जानकारी दी तो पिता भी पहुंचे। बाद में एसपी सिटी पीयूष सिंह, सीओ कोतवाली अमित राय, ब्रह्मपुरी थाने से इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर छानबीन शुरू की।
विक्की की शादी करने की चल रही थी तैयारी
पिता ने बताया कि विक्की की शादी करने के लिए रिश्ते देख रहे थे। कई जगह से रिश्ते आए, लेकिन विक्की को पसंद नहीं आने के कारण कहीं बात नहीं बनी। अब शादी होने से पहले ही उसकी हत्या हो गई है। दस जनवरी को विक्की का जन्मदिन था। इसे याद करके भी पिता बिलखते रहे।
विक्की की हत्या के मामले की जांच के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। सीडीआर निकालने के लिए सर्विलांस को भेजा गया है। जल्द हत्या का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। सिर में गोली मारी या फिर धारदार हथियार से वार किया, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चल सकेगा। - पीयूष सिंह, एसपी सिटी
हत्या से पहले पिता को खिलाए थे चाट-कुलचे
रिंकू शर्मा की पत्नी वैष्णवी के मायके में शादी समारोह है। इसके चलते वैष्णवी अपने मायके इटावा में गई हुई है। भाई रिंकू और पिता सुनील शर्मा को विक्की शर्मा ही खाना बनाकर खिला रहा था। वारदात से पहले दोपहर को विक्की ने पिता को चाट-कुलचे खिलाए थे। इसके बाद पिता अपने काम पर चले गए और विक्की की किसी ने हत्या कर दी।
बहन के ससुराल वालों पर हत्या का शक, दोस्तों से भी होगी पूछताछ
सुनील शर्मा ने एसपी सिटी पीयूष सिंह को बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। वह काॅलोनी में भी बहुत कम लोगों से ही संपर्क में रहते हैं। सुनील ने विक्की की बहन यशोदा के ससुराल वालों पर हत्या का शक जताया है। वहीं, बताया गया है कि मुल्ताननगर के रहने वाले पांच युवकों से विक्की की दोस्ती थी। पुलिस जांच कर रही है कि इन दोस्तों का तो इस घटना से कोई कनेक्शन नहीं है। इसके लिए दोस्तों का पता लगाकर उनसे पूछताछ की जाएगी।
विक्की सुबह और शाम पूजा-पाठ करता था। शाम को भी उसने पूजा की थी। पिता सुनील शर्मा ने बताया कि जब भी वह पूजा करता था तो वह पूजा वाली वेशभूषा पहनता था। पूजा करने के बाद ही उसकी हत्या की गई है। ऐसी आशंका है।