Meerut: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 8 लाख की ठगी, पिता-पुत्र, दो महिला कर्मचारी समेत छह पर आरोप
पिता-पुत्र, दो सरकारी महिला कर्मचारियों समेत छह लोगों ने मिलकर मेरठ के सहकारिता विभाग में नाैकरी लगवाने के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने पुलिस ने शिकायत दर्ज कराई है।
विस्तार
बुलंदशहर के गांव कांचरोट निवासी सचिन कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात मेरठ निवासी हरिशंकर शर्मा और उसके पुत्र जितेंद्र शर्मा से हुई थी। पिता-पुत्रों ने सहकारिता विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 8 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। पल्लवपुरम स्थित केंद्र पर उसे प्रशिक्षण दिलाया। उसे लखनऊ और अयोध्या कार्यालय भी लेकर गए।
यह भी पढ़ें: खुलासा: पति की हत्या से पहले मरीज बन इस मकसद से डाॅक्टर के पास गई थी मुस्कान, फिर इंटरनेट से देखकर की ये हरकत
ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने रुपये वापस दिलाने की मांग एसएसपी से की। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
संपत्ति हड़पने के लिए भाई-बहन का फर्जी बैंक खाता खोला
माता-पिता की मौत के बाद मामा के घर रह रहे भाई-बहन की संपत्ति हड़पने के लिए उनका फर्जी बैंक खाता खोल लिया गया। पीड़ित ने अपने चाचा पर शक जाहिर करते हुए शिकायती पत्र दिया था। भावनपुर क्षेत्र के गांव राली चौहान निवासी भव्य प्रताप ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि माता-पिता की मौत के बाद वह और उसकी बहन गाजियाबाद के कवि नगर में अपने मामा के यहां रहते हैं।
राली चौहान में उनकी जमीन को फर्जी तरीके से बेचने की कोशिश की जा रही है। उन्हें अपने चाचा पुनीत प्रताप पर शक है। आरोप है कि फर्जीवाड़े के लिए भाई-बहन के नाम से एक बैंक खाता खोला गया है। एसएसपी के आदेश पर भावनपुर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।