Meerut: कांवड़ शिविर में खाने लेकर जा रहे दो दोस्तों की पिकअप से कुचलकर मौत, परिजनों में मचा कोहराम
मेरठ में रुड़की रोड पर लेखानगर के पास विपरीत दिशा में आई पिकअप ने मारी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दो दोस्तों की माैत हो गई। बताया गया कि मृतक का बड़ा भाई कांवड़ लेने गया था। दोनों उससे मिलने मोदीपुरम जा रहे थे।
विस्तार
मेरठ में रुड़की रोड पर लेखानगर के पास विपरीत दिशा में आई पिकअप ने दो दोस्तों की बाइक को टक्कर मार दी। कई मीटर तक दोनों घिसटते चले गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक 12वीं का छात्र दीपांशु (18) कांवड़ लेने गए अपने भाई पुनीत को मोदीपुरम में दोस्त अजय (20) के साथ खाने देने जा रहा था। सदर बाजार थाने में पिकअप के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मेडिकल थाना क्षेत्र के शेरगढ़ी निवासी धर्मवीर के बड़े बेटा पुनीत कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए थे। पुनीत जल लेकर रविवार को मोदीपुरम आ गए। पुनीत कांवड़ शिविर में रुके थे। पुनीत का छोटा भाई दीपांशु अपने दोस्त अजय पुत्र धर्मेंद्र निवासी शेरगढ़ी के साथ बाइक पर खाना देने के लिए जा रहा था। दीपांशु के साथ दूसरी बाइक पर शेरगढ़ी के दूसरे युवक भी थे।
दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब रुड़की रोड पर लेखानगर के पास पहुंचे तो सामने से विपरीत दिशा में तेजगति से आई पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। भीषण टक्कर से दोनों कई मीटर तक घिसटते चले गए। दूसरी बाइक पर चल रहे युवकों ने शोर मचाया तो आरोपी चालक पिकअप छोड़कर भाग गया।
सूचना पर टैंक चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दीपांशु और अजय को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। सीओ कैंट प्रकाश चंद अग्रवाल ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। गाड़ी के कागजातों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
पढ़ने में तेज था दीपांशु
अजय चार भाइयों में सबसे छोटा था। दो बहनों की शादी हो चुकी है। वह मच्छरदानी बनाने का काम करता था। वहीं, दीपांशु विद्या मंदिर स्कूल में 12वीं का छात्र था। दीपांशु पढ़ने में तेज था। दोनों के शवों को देखकर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।