Meerut: इंस्टिट्यूट में शिक्षक को दो गोली मारकर भागे बदमाश, घायल शिक्षक खुद स्कूटी चला पहुंचे अस्पताल
मेरठ के शारदा रोड पर अमेरिकन इंस्टिट्यूट में अंग्रेजी शिक्षक अमित त्यागी को बाइक सवार बदमाशों ने दो गोली मार दी। कमर में गोली लगने के बावजूद शिक्षक खुद स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंचे। पुलिस हमलावरों की तलाश सीसीटीवी फुटेज से कर रही है।
विस्तार
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शारदा रोड पर शुक्रवार रात भरे बाजार में बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। रात करीब 9:15 बजे अमेरिकन इंस्टिट्यूट के अंग्रेजी शिक्षक अमित त्यागी (40) पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
गोली लगने के बावजूद अमित त्यागी ने हिम्मत नहीं हारी। कमर में दो गोलियां लगने के बाद भी उन्होंने ऊपर जाकर चैनल गेट बंद किया और इंस्टिट्यूट मालिक व विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री निमेष वशिष्ठ को घटना की जानकारी दी। इसके बाद घायल अवस्था में खुद स्कूटी चलाकर बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
पुलिस को सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के दुकानदारों व लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शिक्षक की कमर में दो गोलियां लगी हैं। अभी हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और न ही किसी की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।