सॉल्वर गिरोह: ऐसे सॉल्व कराते हैं पेपर, अरेस्ट हुए तो उगले बड़े राज, सात प्रवेश पत्र और तीन आधार कार्ड बरामद
सॉल्वर गिरोह का सच : गिरोह के तीन सदस्य अरेस्ट किए गए तो पूछताछ में बड़े-बड़े राज सामने आ गए। आरोपियों के पास से सात प्रवेश पत्र और तीन आधार कार्ड बरामद हुए हैं।
विस्तार
एसटीएफ मेरठ की टीम ने ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा में रकम लेकर सॉल्वर बैठाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि दो आरोपी बिहार के नालंदा निवासी सतेंद्र और बिजनौर के मकसूदपुर निवासी देवेंद्र सिंह को मुरादनगर की ओर्डिनेंस फैक्टरी के पास से कार समेत पकड़ा गया।
वहीं, तीसरे आरोपी बिजनौर के बुंद्राकलां निवासी गौरव कुमार को मेरठ के सदर थाना क्षेत्र के दुर्गाबाड़ी गर्ल्स इंटर कॉलेज से दबोचा गया। तीनों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज किए गए। इनके पास से सात प्रवेश पत्र, तीन आधार कार्ड समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।
इस तरह सॉल्व कराते हैं पेपर
पूछताछ में आरोपी देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं में दूसरे अभ्यर्थियों को बैठाने का काम करता है। उनके आधार कार्ड पर फोटो मिक्सिंग और नाम बदल दिए जाते हैं। पटना निवासी सचिन उसका परिचित है। वह सचिन के मोबाइल पर परीक्षा से संबंधित अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड भेजता है। इसके बाद सचिन उतने ही सॉल्वर भेज देता है। ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा में भूपेंद्र सिंह, पंकज कुमार, जागेश कुमार के स्थान पर सॉल्वर भेजने के लिए 24 जून को वाट्सएप पर बातचीत की गई थी। सचिन और उसके साथी राहुल से बातचीत के बाद उन्होंने 25 जून को तीन सॉल्वर गाजियाबाद भेज दिए।
सॉल्वर चंदन को महीपाल सिंह के स्थान पर परीक्षा केंद्र ज्ञानांजलि इंटरनेशनल स्कूल मुरादनगर, सॉल्वर अंकुर को मोहन सिंह के स्थान पर परीक्षा केंद्र सुशीला गर्ल्स इंटर कॉलेज दयानंद नगर गाजियाबाद में बैठाया जाना था। तीसरे सॉल्वर सतेंद्र को ज्ञानांजलि इंटरनेशनल स्कूल मुरादनगर में बैठाना था। उनके प्रवेश पत्र देवेंद्र के मोबाइल में मिले। पेपर सॉल्व कराने के लिए प्रति अभ्यर्थी एक लाख रुपये लिए जाते थे। इसमें 50 हजार रुपये देवेंद्र रखता था और बाकी 50 हजार सचिन और राहुल को देता था।
यह भी पढ़ें: Weather News: मानसून की पहली बारिश ने गर्मी से दी राहत, सुहावना हुआ मौसम, जानें- आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल
आरोपी सतेंद्र ने बताया कि वह अभ्यर्थियों के स्थान पर बैठकर पेपर सॉल्व करता है। सचिन और राहुल ने उसे पेपर सॉल्व करने के लिए 20 हजार रुपये तय किए थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुरादनगर थाने में केस दर्ज कराया गया है।
यह भी पढ़ें: महंगाई की मार: मिर्च हुई और तीखी, खीरा व लाल टमाटर भी पहुंच से बाहर, थोक से लेकर फुटकर तक बढ़े सब्जियों के दाम
क्राइम ब्रांच और लालकुर्ती पुलिस ने भी एक दबोचा
इसके अलावा क्राइम ब्रांच और लालकुर्ती थाना पुलिस ने भी रघुनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज से मनीष कुमार को पकड़ा, जो रामपुर के खेड़ा निवासी सुनील कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। इस मामले में प्रधानाचार्य डॉ. रजनी रानी ने केस दर्ज कराया है।