मेरठ: तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार प्रॉपर्टी डीलर की मौत, आरोपी फरार
मेरठ में बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार प्रॉपर्टी डीलर मोहित चौहान को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। आरोपी चालक फरार है।
विस्तार
मेरठ के लावड़-सोफीपुर मार्ग पर चेक पोस्ट के पास बृहस्पतिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार प्रॉपर्टी डीलर मोहित चौहान (38) को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोहित कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें पहले मोदीपुरम स्थित अस्पताल में भर्ती कराए, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ के एसडीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह मोहित ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: UPPCS परीक्षा: मेरठ-नई दिल्ली नमो भारत ट्रेन का समय बदला, रविवार को सुबह 6 बजे से चलेगी
मोहित चौहान, डौरली निवासी भाजपा नेता अनंगपाल चौहान के भांजे थे और पल्लवपुरम फेस प्रथम की कीर्ति नगर कॉलोनी में रहते थे। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार बरामद कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है।
परिवार के लिए यह हादसा करवाचौथ की तैयारियों के बीच आया। मोहित की पत्नी इस पर्व की तैयारी में जुटी थीं। उनके सात साल के बेटे की पढ़ाई विजडम ग्लोबल स्कूल, मोदीपुरम में होती है। देर शाम मोहित का अंतिम संस्कार कर दिया गया।