फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Power Crisis Deepens: Residents Suffer for Four Days, Protest Forces Action

बिजली संकट विकराल: चार दिन से दर्जनों कॉलोनियों में ट्रिपिंग-कटौती, पानी की किल्लत, जनता ने घेरे बिजलीघर

Tue, 30 Jun 2026 12:23 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Tue, 30 Jun 2026 12:23 PM IST
सार

मेरठ में लगातार चौथे दिन भी बिजली संकट जारी है। ब्रह्मपुरी, माधवपुरम, कंकरखेड़ा और लिसाड़ी रोड समेत दर्जनों कॉलोनियों में घंटों बिजली गुल रहने से इन्वर्टर जवाब दे गए हैं और पानी का संकट गहरा गया है। विरोध के बाद पीवीवीएनएल ने नए ट्रांसफार्मर और विशेष टीमों की घोषणा की है।

विज्ञापन
Meerut Power Crisis Deepens: Residents Suffer for Four Days, Protest Forces Action
मेरठ में बिजली संकट - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भीषण गर्मी और उमस के बीच जिले में पिछले चार दिनों से बिजली का गंभीर संकट बना हुआ है। लगातार हो रही ट्रिपिंग और फॉल्ट के कारण उपकरण नहीं चल पा रहे हैं, घरों के इन्वर्टर ठप हो गए हैं और लोग गर्मी में रात भर जागकर घरों के बाहर बैठने को मजबूर हैं। स्थिति इतनी विकराल हो गई है कि कॉलोनियों में पीने के पानी का संकट भी गहरा गया है। त्रस्त और आक्रोशित जनता अब बिजलीघरों पर पहुंचकर हंगामा कर रही है।

विज्ञापन


सोमवार को शारदा रोड, शिवशंकर पुरी, पूर्वी व पश्चिमी ब्रह्मपुरी, गौरीपुरा, गणेशपुरी, गौतमनगर, खत्ता रोड, मास्टर कॉलोनी, इंदिरा नगर, बिशन चौक, शिवशक्ति नगर, पजाया, वीर नगर और माधवपुरम में रविवार व सोमवार को स्थिति बदतर रही। यहां 1 घंटे बिजली आने के बाद 4 घंटे का कट लग रहा है। एक फॉल्ट ठीक होते ही दूसरा फॉल्ट हो जाता है।
विज्ञापन


इसी तरह लिसाड़ी रोड स्थित हुमांयू नगर, जाकिर कॉलोनी, इस्लामाबाद, उज्ज्वल गार्डन, समर गार्डन, नूर नगर, लिसाड़ी, हापुड़ रोड, नौचंदी और भूमिया का पुल आदि कॉलोनियों में लोग पूरी रात जागते रहे। मानसरोवर कॉलोनी, मनोरंजन पार्क, साकेत, जेल चुंगी, सर्वोदय कॉलोनी, अजंता कॉलोनी, जनकपुरी और औरंगशाहपुर डिग्गी में भी रात भर ट्रिपिंग चलती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: Meerut Weather Update: अषाढ़ लगा मॉनसून लापता, उमस बरकरार, काली घटा छाईं लेकिन बारिश के लिए दो दिन इंतजार

बिजलीघरों पर हंगामा, कर्मचारियों के न मिलने पर भड़के लोग
कंकरखेड़ा बिजलीघर: रविवार आधी रात के बाद गुस्साए लोगों ने यहां जमकर हंगामा किया। कोई कर्मचारी न मिलने और विद्युत अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने पर लोग भड़क गए। क्षेत्र की श्रद्धापुरी, सैनिक विहार, गोविंदपुरी, शिवलोकपुरी में सोमवार शाम तक रुक-रुक कर कट लगते रहे।

रामलीला ग्राउंड व विकासपुरी: गुलमर्ग कॉलोनी में सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर तक बिजली ठप रही। विकासपुरी बिजलीघर से जुड़ी किदवईनगर कॉलोनी में भी दिन में कई घंटे बिजली गुल रही। पार्षद दीपक वर्मा सोमवार तड़के सुबह 2:45 बजे खुद माधवपुरम बिजलीघर पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की।

शारदा रोड बिजलीघर पर भी हंगामा
ब्रह्मपुरी क्षेत्र में लगातार बिजली संकट से गुस्साए लोगों ने सोमवार देर रात शारदा रोड बिजलीघर पर हंगामा किया। आक्रोश देखकर बिजलीघर के कर्मचारी वहां से चले गए। गिरीश भारद्वाज ने बताया कि ब्रह्मपुरी में दिन-रात बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी है। 10 मिनट बिजली के बाद तीन-चार घंटे का लंबा कट लग रहा है। पिछले चार दिन से यह बिजली संकट बना हुआ है। घरों के इन्वर्टर ठप पड़ गए हैं और पीने के पानी का भी संकट है। हंगामा करने वालों में प्रशांत, राजबीरी, संजय कुमार, अतुल शर्मा और विनय अग्रवाल शामिल थे।

ओवरलोडिंग से तीन बिजलीघर बने मुसीबत
ओवरलोड होने के कारण मेरठ शहर के तीन बिजलीघर माधवपुरम-1 व 2, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर और गंगानगर-3 विद्युत विभाग के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। माधवपुरम में रविवार की रात गुस्साए लोगों ने हंगामा कर पूरे बिजलीघर की सप्लाई बंद करा दी, जिसके बाद विद्युत अधिकारियों ने बिना पुलिस सुरक्षा के बिजलीघर चलाने से इनकार कर दिया है। एल ब्लॉक और गंगानगर-3 में भी त्रस्त जनता द्वारा बिजलीघर बंद कराने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

मुख्य अभियंता मेरठ-प्रथम रजनीकांत मिश्र ने बताया कि एल ब्लॉक और गंगानगर-3 की समस्याएं लगभग दूर कर ली गई हैं। माधवपुरम-1 में 10-10 एमवीए के दो और माधवपुरम-2 में 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। अब इसके स्थान पर 8 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिससे ओवरलोडिंग खत्म होगी।  
 

 शिकायतों के लिए बनाया व्हाट्सएप ग्रुप
 सैनिक विहार निवासी विजय मान ने बताया कि बिजली संकट की जानकारी के लिए पहले लोग परेशान रहते थे। अब सैनिक विहार बिजलीघर के कर्मचारियों ने क्षेत्र के 400 लोगों को जोड़कर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप पर बिजली आपूर्ति और संकट से जुड़ी सारी सूचनाएं सीधे दी जा रही हैं, जिससे लोगों की समस्या का काफी हद तक समाधान हुआ है।

गंगानगर में जले एबीसी केबल फॉल्ट सुधारने में लगे लाइनमैन
गंगानगर। भीषण गर्मी के चलते गंगानगर बिजलीघर प्रथम, द्वितीय और तृतीय क्षेत्र में आपूर्ति पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई। सोमवार सुबह कई ब्लॉकों में 2 घंटे की कटौती से दैनिक कार्य ठप हो गए। बिजलीघर द्वितीय से जुड़े जेजी, आई, अलकनंदा धाम और के-ब्लॉक में ओवरलोड के कारण एबीसी केबल जल गए। वहीं बिजलीघर प्रथम से जुड़े ए, बी, सी ब्लॉक में दोपहर 1 बजे ट्रांसफार्मर के एबीसी केबल और जंपर उड़ने से 2.30 घंटे सप्लाई ठप रही।

आकाशवाणी, ग्लोबल सिटी और एन ब्लॉक फीडर में भी मरम्मत के चलते कई कट लेने पड़े। जेई सतीश मौर्य ने बताया कि अत्यधिक तापमान से केबल गर्म होकर फॉल्ट हो रहे हैं। लाइनमैनों की संख्या सीमित होने के कारण अलग-अलग जगहों के फॉल्ट ठीक करने में समय लग रहा है, हालांकि फिलहाल आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास जारी है।  
 

पीवीवीएनएल एमडी और मुख्य अभियंता से मिले जनप्रतिनिधि
ब्रह्मपुरी और माधवपुरम क्षेत्र में 4 दिन से जारी बिजली संकट को लेकर सोमवार को एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने पीवीवीएनएल के एमडी रवीश गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने केवल अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी व्यवस्था करने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और जर्जर लाइनों को बदलने की मांग की। एमडी रवीश गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 250 केवी क्षमता के 7 नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और ब्रह्मपुरी व माधवपुरम क्षेत्र में दिन-रात निगरानी के लिए दो विशेष विद्युत विभागीय गैंग (टीमें) तैनात करने के आदेश दिए। यह व्यवस्था कल (मंगलवार) तक लागू हो जाएगी। इस दौरान अनिल वर्मा, पार्षद दीपक वर्मा, राकेश गौड़, कुलदीप वाल्मीकि, अमित शर्मा, संदीप कुमार, सुमित शर्मा, मनोज गुप्ता, अरविंद अरोड़ा, मनोज वर्मा, अजय शर्मा, अंकित शर्मा आदि मौजूद रहे।

भाजपा नेता ने उठाई व्यापारियों की समस्या
भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा ने विद्युत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए मुख्य अभियंता वितरण रजनीकांत मिश्र से मुलाकात की। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता एवं दलजीत सिंह ने अधिकारियों को बताया कि बिजली कटौती से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस मौके पर राकेश गौड़, विक्रम शर्मा, नितिन बच्चन, मयूर अग्रवाल, शिवम शर्मा, रुद्र शर्मा, विकास केन, अंकुर राजपूत, अनस सिद्दीकी आदि उपस्थित रहे। उधर, मुख्य अभियंता रजनीकांत मिश्र ने बताया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र को ओवरलोडिंग से मुक्त कराने के लिए 5 नए ट्रांसफार्मर स्वीकृत किए जा चुके हैं और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर जगह चिह्नित कर इन्हें जल्द स्थापित किया जाएगा।

परीक्षा के समय संकट से छात्र परेशान
भगवतपुरा निवासी छात्र सुधांशु भारद्वाज ने बताया कि इस समय  विश्वविद्यालय की सत्र परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन बिजली संकट के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं भगवतपुरा में अंबा रोलिंग शटर्स के संचालक जसवंत सिंह ने बताया कि  बिजली की ट्रिपिंग के कारण काम पूरी तरह ठप हो गया है। वहीं मरम्मत और सीएम ग्रिड योजना के कार्यों के कारण मंगलवार सुबह 7 से 10 बजे तक रंगोली बिजलीघर के तेजगढ़ी, सम्राट पैलेस व वैशाली कॉलोनी फीडर और नौचंदी बिजलीघर के नौचंदी व गढ़ रोड फीडर में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed