मेरठ में दर्दनाक हादसा: पिकअप गाड़ी ने बाइक में मारी टक्कर, सुपरवाइजर की मौत से मचा कोहराम
Meerut Accident News : मेरठ में हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
विस्तार
मेरठ के मोदीपुरम में एनएच-58 स्थित सुपरटेक कॉलोनी के सामने एक पिकअप गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गैस एजेंसी पर कार्य करने वाला सुपरवाइजर लव कुमार शर्मा घायल हो गया। घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुपरवाइजर को अस्पताल में उपचार के लिए भेजा, जहां चिकित्सकों ने लव कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूलरूप से बुलंदशहर के बरवाला गांव के रहने वाले लव कुमार शर्मा (45) अपने परिवार के साथ गंगानगर के एल ब्लॉक में रहते है। लव कुमार नीलकंठ कॉलेज के पास बनी गैस एजेंसी पर सुपरवाइजर का कार्य करता था। लवकुमार के चार बच्चे विक्रांत, नैना, छवि और वाशु है। शनिवार को लव कुमार दौराला से मोदीपुरम आ रहे थे।
वहीं, मोदीपुरम से दौराला की ओर गलत दिशा में जा रही पिकअप ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि लव कुमार बाइक से कई फीट उछलकर हाईवे पर जा गिरे। दुर्घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। घटना के चलते हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लव कुमार को मोदीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा। चिकित्सकों ने लव कुमार को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को फोन पर जानकारी दी। जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन पल्लवपुरम थाने पहुंचे। पुलिस पिकअप को कब्जे में लेकर थाने ले आई। बेटे विक्रांत ने आरोपी चालक के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें: क्या अब RLD में होगी इमरान मसूद की एंट्री: 10 सितंबर की बैठक में जुटे पूर्व विधायक, संपर्क में लगे हैं नेता
हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
सरकार व पुलिस लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लोगों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ा रही है। लेकिन लोग इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। शनिवार को हुए हादसे के दौरान लव कुमार ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। हादसे के बाद लव कुमार कई फीट ऊपर पर उछलकर हाईवे पर गिर गया और सिर पर गहरी चोट लगने से मौत हो गई। यदि, उसने हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। लव कुमार की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, जानकारी मिलने पर रिश्तेदार व पड़ोसी मृतक के घर परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।
यह भी पढ़ें: UP: घर पहुंचते ही भावुक हुए हाजी याकूब कुरैशी, आठ माह बाद जेल से हुई रिहाई, इस मामले में चल रही थी कार्रवाई