फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut News Live: Tribute to the bravery of revolutionaries today, read latest news

Meerut News Live: क्रांति दिवस आज, क्रांतिवीरों के शौर्य को नमन, पारा होगा 40 के पार गर्मी करेगी परेशान

Wed, 10 May 2023 03:55 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 10 May 2023 03:55 PM IST
सार

10 मई 1857 को भड़की क्रांति की पहली चिंगारी की याद में आज क्रांति दिवस है। आज से ही अमर उजाला का अभिनव अभियान मां तुझे प्रणाम शुरू हो जाएगा। वहीं मेरठ सिटी स्टेशन से गुजरने वालीं तीन ट्रेनें 21 मई को रद्द रहेंगी। पढ़ें ताजा खबरें।   

विज्ञापन
Meerut News Live: Tribute to the bravery of revolutionaries today, read latest news
पुष्पांजलि कार्यक्रम, मेरठ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

10 मई 1857 को भड़की क्रांति की पहली चिंगारी की याद में आज क्रांति दिवस है। आइए हम क्रांतिवीरों के शौर्य को नमन करें। आजादी की लड़ाई में अपना जीवन बलिदान करने वालों की याद में औघड़नाथ मंदिर में पुष्प अर्पित करें। आज से ही शुरू हो रहे अमर उजाला के अभिनव अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ के तहत मंदिर परिसर में सुबह साढ़े नौ बजे पुष्पांजलि सभा होगी। 15 अगस्त तक कार्यक्रमों की शृंखला जारी रहेगी।

विज्ञापन


बुधवार को छावनी स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर में शहीदों की स्मृति में बने शहीद स्तंभ पर पुष्पांजलि दी गई। 10 मई से शुरू होने वाला अमर उजाला का ‘मां तुझे प्रणाम’ अभिनव अभियान 15 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न आयोजनों के माध्यम से शहीदों को नमन किया जाएगा।
विज्ञापन


साल 2010 से शुरू हुआ यह सिलसिला अनवरत जारी है। इस बार भी 15 अगस्त तक चलने वाले महाअभियान में कवि सम्मेलन, मुशायरा और जश्न-ए-आजादी आदि कार्यक्रम होंगे। 15 अगस्त की सुबह पूरा शहर 52 सेकंड के लिए रुककर राष्ट्रगान गाकर शहीदों को नमन करेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

मेरठ सिटी स्टेशन से गुजरने वालीं तीन ट्रेनें 21 मई को रहेंगी रद्द

सहारनपुर में बन रहे पुल पर गार्डर रखने का काम किया जाएगा। इस वजह से 21 मई को मेरठ से गुजरने वाली तीन ट्रेन रद्द रहेंगी। कई ट्रेन पानीपत होकर जाएंगी तो कुछ शार्ट टर्मिनेट होंगी। 

सहानरपुर के यार्ड में गार्डर रखने का काम सुबह 7.10 बजे से दोपहर 15.40 बजे तक किया जाएगा। इसलिए मेरठ सिटी से होकर चलने वाली ट्रेन संख्या 14522/14521 अंबाला कैंट-दिल्ली जंक्शन-अंबाला कैंट, ट्रेन संख्या 20411 दिल्ली-सहारनपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 14646 जम्मूतवी-जैसलमेल एक्सप्रेस वाया पानीपत, ट्रेन संख्या 19326 अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस वाया पानीपत, ट्रेन संख्या 14682 जालंधर सिटी-न्यू दिल्ली वाया पानीपत, 14317 इंदौर-देहरादून वाया पानीपत चलेगी। 

ट्रेन संख्या 14511/14512 प्रयागराज-सहारनपुर संगम एक्सप्रेस मेरठ सिटी पर टर्मिनेट रहेगी। यह ट्रेन मेरठ सिटी से ही 19, 20 व 21 मई को संचालित होगी। ट्रेन संख्या 14332 कालका-दिल्ली एक्सप्रेस अंबाला पर शार्ट टर्मिनेट होगी। 

निकाय चुनाव के दौरान खुलेंगे छावनी के बाजार

मेरठ नगर निगम चुनाव के दौरान 11 मई को सदर, बोम्बे बाजार, आबूलेन और सदर के बाजार खुलेंगे। सदर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील दुआ और आबूलेन व्यापार संघ पदाधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि छावनी में चुनाव नहीं है।

छावनी के बाजार पूर्व की भांति खोले जाएंगे। गंज बाजार दाल मंडी व्यापार संघ के संगठन मंत्री अंकित गुप्ता ने कहा कि छावनी के सभी बाजार जिसमें सदर, आबूलेन, बोम्बे बाजार, लालकुर्ती, रजबन आदि क्षेत्र छावनी में आते हैं। जो क्षेत्र में छावनी में आते हैं उनको बंद करने का कोई आदेश नहीं है। छावनी परिषद सीईओ ज्योति कुमार ने कहा कि बाजार बंद करने को छावनी परिषद की तरफ से कोई आदेश नहीं जारी नहीं किया गया है। 

पारा होगा 40 के पार गर्मी करेगी परेशान

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगामी चार पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। इसके चलते तापमान में बढोतरी होगी और गर्मी बढ़ेगी। 15 मई तक दिन का तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान में धीरे धीरे बढ़त जारी है। 

मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ यूपी शाही का कहना है कि आगामी चार दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। जिससे गर्मी का असर तेज होगा। 

15  मई तक दिन का तापमान 42 डिग्री तक पहुंचेगा। मंगलवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में बढोतरी हुई। बागपत में 306, गाजियाबाद में 162, मेरठ में 154 दर्ज किया गया। जयभीम नगर में 166 , गंगानगर में 147 , पल्लवपुरम में 149 , बेगमपुल में 166 , दिल्ली रोड में 142 दर्ज किया गया। कई क्षेत्रों में लोग धूल से भी परेशान रहे। संवाद

सीसीएसयू के महिला छात्रावास से लिए पकी दाल और सब्जी के सैंपल

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के महिला छात्रावास के खाने में गड़बड़ी की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने मंगलवार को छापा मारा। टीम ने छात्राओं के लिए पकी दाल व सब्जी के सैंपल लिए। सैंपल परीक्षण के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। एफएसडीए अफसरों का कहना है कि पहली बार सीसीएसयू के हॉस्टल में छापा मारकर सैंपल लिए हैं। 

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि गोपनीय शिकायत मिली थी कि छात्रावास के खाने में गड़बड़ी की जा रही है। अफसरों के आदेश पर विभाग की टीम सीधे दुर्गा भाभी छात्रावास पहुंची। टीम ने छात्राओं के लिए बनाए खाने और सामग्री को चेक किया। पकी दाल और सब्जी से सैंपल लिए। सूचना पर पहुंची छात्रावास की वार्डन प्रो. सरु कुमारी ने टीम से कार्रवाई की वजह पूछी। उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया गया।

अधिकारियों का कहना है कि यदि खाने में गड़बड़ी मिली तो जिम्मेदार पर कार्रवाई की जाएगी। वार्डन प्रो. सरु कुमारी ने बताया विवि प्रशासन छात्रावासों के खाने की गुणवत्ता चेक कराने के लिए समय-समय पर एफएसडीए की टीम को जांच के लिए बुलाता है। इसी कड़ी में टीम को जांच के लिए बुलाकर सैंपल भरवाए गए हैं। यह सीसीएसयू की एक सतत प्रक्रिया है। 

आज और कल स्कूलों में अवकाश घोषित

क्रांति दिवस और नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर जिले के स्कूलों में दो दिन अवकाश रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने निर्देश जारी कर दिए। सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई और आईएसीएसई स्कूलों में अवकाश रहेगा। जिन स्कूलों में नगर निकाय चुनाव के बूथ बनाए गए हैं, वह फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। वहीं कचहरी भी दो दिन बंद रहेगी। 12 मई को न्यायालय यथावत खुलेंगे। 

825 लोगों की जांच में एक मरीज संक्रमित मिला

मेरठ जिले में मंगलवार को 825 लोगों की जांच की गई, जिनमें कोरोना का एक मरीज मिला है। यह मरीज मलियाना का रहने वाला है। छह मरीज ठीक हुए हैं। अब सक्रिय केस 22 हैं, जिनमें से दो अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 20 घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं। पिछले महीने कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ी थी, लेकिन अब लगातार कम होती जा रही है। 

दुजाना के सहयोगी रहे सिपाही की जमानत याचिका खारिज

अपर जिला जज एवं विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट संख्या दो ) ने कुख्यात अनिल दुजाना के सहयोगी रहे सिपाही अरविंद की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। 
सरकारी वकील शुचि शर्मा के अनुसार बताया कि गौतमबुद्धनगर जिले के कसाना थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि वह थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्होंने अंकित चौधरी नाम के युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास एक मोबाइल मिला, जो चोरी का था। पूछताछ में उसने बताया कि वह कुख्यात अपराधी अनिल दुजाना के लिए काम करता है। पकड़े गए आरोपी अंकित ने आजमगढ़ निवासी सिपाही अरविंद कुमार का भी नाम लिया। उसने बताया कि सिपाही जेल के अंदर से अनिल दुजाना के मेसेज का आदान-प्रदान करता है। इसकी एवज में वह रुपये लेता है। आरोपी सिपाही की ओर से जमानत याचिका दायर की गई थी। आरोपी ने दलील दी कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है। 
सरकारी वकील ने तथ्यों के आधार पर इसका विरोध किया। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी की जमानत याचिका को खारिज कर दिया। पिछले सप्ताह ही एसटीएफ की मुठभेड़ में अनिल दुुजाना मारा गया।  

दुष्कर्म के दोषी को दस साल का कारावास

मेरठ अपर जिला जज एवं विशेष न्यायाधीश पोक्सो अधिनियम राम किशोर पांडे ने दुष्कर्म के आरोपी मनीष निवासी हसनपुर को दोषी पाते हुए 10 वर्ष के कारावास से दंडित किया। सरकारी वकील नरेंद्र चौहान ने बताया कि वादी ने 27 मई 2015 को थाना बहसूमा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

इसमें बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी स्कूल गई थी। वहां से नहीं लौटी। बाद में पता चला था कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी मामले में अदालत में सुनवाई हुई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह सजा दी गई। 

दुष्कर्म का आरोपी पकड़ा
 नौचंदी पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी जुनैद उर्फ बिल्लू निवासी जैदी फार्म को शंभूदास गेट के पास से गिरफ्तार किया है। युवती ने अपने बयान में आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ टेंपो में दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमे में आईपीसी की धारा 376 बढ़ा दी है। इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना ने बताया कि वती घरों पर साफ-सफाई का काम करती है। करीब एक सप्ताह पहले जुनैद ने अपहरण कर लिया और टेंपो में दुष्कर्म किया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच और युवती के बयान के आधार पर दुष्कर्म में भी आरोपी को नामजद किया गया। इसके बाद जुनैद की गिरफ्तारी की गई। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed