हत्या: कैंची के कारखाने में ले जाकर शराब पिलाई, फिर चाकू से 12 वार कर युवक को उतारा मौत के घाट
पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल के दुर्गापुरा निवासी रियाजुद्दीन (35) पुत्र मंसूर पांच साल से लिसाड़ीगेट में किराये के मकान में रहता था। चार साल से उसके एक महिला से संबंध थे। पति को छोड़कर महिला उसके पास रहने लगी थी।
हत्या की सूचना पर सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। मामले में कैंची कारखाना संचालक आस मोहम्मद और आरोपी की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि अवैध संबंध के चलते युवक की हत्या हुई है। मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस ने कई जगह पर दबिश दी, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
चाकू से किए 12 वार
आरोपी ने रियाजुद्दीन को कैंची के कारखाने में ले जाकर शराब पिलाई। उसके बाद चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने 12 बार चाकू से वार किये। वारदात के बाद मौके से भाग गया। बताया गया कि आरोपी ने पहले भी कई बार उसकी हत्या करने का प्लान बनाया था।
चार साल पहले पत्नी ने छोड़ा
लोगों ने बताया कि रियाजुद्दीन के साथ आरोपी की पत्नी चार साल पहले चली गई थी। कई बार उसको समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। महिला के तीन बच्चे भी हैं। दो बच्चे अपने पिता और एक बच्चा मां के साथ रहता है। पुलिस का कहना कि रियाजुद्दीन के अलावा उसके परिवार का कोई सदस्य यहां नहीं रहता। इसको लेकर पुलिस मंथन कर रही है।