Meerut: लॉरेंस के गुर्गे पश्चिम में फैला रहे दहशत, जेल में बंद सनी ने सूरज को दिया था गोली चलवाने का टास्क
UP News : लॉरेंस बिश्नोई गैंग वेस्ट यूपी में तेजी से पैर पसार रहा है। लॉरेंस के गुर्गे अब पश्चिमी यूपी में दहशत फैलाने में जुटे हैं। 31 मई को लावड़ के गारमेंट व्यापारी को फोन कर रंगदारी मांगी थी। शूटर सादमान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
विस्तार
तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे सनी काकरान और अतुल जाट ने मेरठ के सूरज को रंगदारी नहीं देने पर दहशत फैलाने का टास्क दिया था। सूरज ने इसके लिए रवि और सादमान को तैयार किया। फोन पर रंगदारी की धमकी देने पर जब सुदेश सैनी ने फोन काट दिया तो रंगदारी मांगने वाले ने सूरज को फोन कर कहा कि दुकान पर गोली चलवा दो। पुलिस ने रवि के साथ ही सूरज पर भी 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है।
सूरज अतुल का करीबी है। यही सनी और अतुल के नेटवर्क को फैला रहा है। पुलिस अब इसकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। कौन-कौन और युवक दोनों के संपर्क में हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने इन सबका डाटा तैयार करने के लिए कहा है। वहीं, अब तक यह जानकारी नहीं हो पाई है कि रंगदारी सनी काकरान ने मांगी या किसी दूसरे से फोन कराया गया। जिस मोबाइल से रंगदारी मांगी गई थी, वह तिहाड़ जेल के भीतर चल रहा था या बाहर।
अगर मोबाइल जेल से इस्तेमाल किया गया तो वह सनी काकरान ने ही किया। अगर बाहर से किया गया तो फिर उसे सनी का कोई दूसरा गुर्गा चला रहा था। सर्विलांस टीम इस बात की जानकारी जुटा रही है।
मुजफ्फरनगर जेल में हुई थी सनी से मुलाकात, पैरवी को मांगी रंगदारी
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में गिरफ्तार सादमान की मुलाकात सनी काकरान से 2018 में मुजफ्फरनगर जेल में हुई थी। इसके बाद से ही वह सनी काकरान के संपर्क में था। सादमान ने पुलिस को बताया कि सनी और अतुल पर जो मुकदमे दर्ज हैं, उनमें से कई ट्रायल पर हैं। ऐसे में मुकदमों की पैरवी के लिए उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से रंगदारी मांगी गई।