मेरठ: होली का सफर होगा आसान, रोडवेज ने संभाली कमान, क्यूआरटी लगाईं, 13 से 22 मार्च तक चलेगा अभियान
रोडवेज बसों की कमी को दूर करने और यात्रियों की समस्या का समाधान करने के लिए रीजन के सभी बस अड्डों पर 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। बसों में विदाउट टिकट करने वाले परिचालकों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
विस्तार
अभियान के दौरान मेरठ रोडवेज रीजन ने पहले से चल रही बसों के साथ ही सर्वाधिक भीड़ वाले रूटों को चिह्नित करते हुए करीब 200 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। ये बसें लंबे रूटों लखनऊ, आगरा, हरिद्वार, देहरादून, सहारनपुर, ऋषिकेश, बिजनौर, कोटद्वार आदि के अलावा उन लोकल रूटों पर चलेगी जिनपर ज्यादा भीड़ होती है।
रोडवेज बसों की कमी को दूर करने और यात्रियों की समस्या का समाधान करने के लिए रीजन के सभी बस अड्डों पर 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। कंट्रोल रूम पर बैठे कर्मचारी यात्रियों की समस्या का समाधान कराने के साथ ही उन सभी रूटों पर बसों की व्यवस्था कराएंगे, जहां बसों की जरूरत होगी।
विभाग ने बस चेकिंग में लगी चार क्यूआरटी को बसों के संचालन की निगरानी करने के लिए लगाया है। क्यूआरटी रूट पर बस चालकों पर नजर रखेगी। पिकिंग प्वाइंट से यात्रियों को नहीं उठाने और तय रूट की बजाय बाईपास आदि से निकाले जाने पर नजर रखेगी। बसों में विदाउट टिकट करने वाले परिचालकों पर भी शिकंजा कसेगी।
ड्राइवरों को प्रोत्साहन: 3000 किमी. बस चलाने पर मिलेंगे 4 हजार रुपये
होली अभियान को सफल बनाने के लिए रोडवेज ने चालकों-परिचालकों के साथ ही कार्यशाला स्टाफ के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की है। योजना के अनुसार दस दिवसीय होली अभियान के तहत दस दिन तक न्यूनतम औसतन तीन हजार किलोमीटर बस संचालन करने पर चार हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
9 दिन डयूटी करके न्यूनतम औसतन 2700 किलोमीटर बस संचालन करने पर 3150 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। दस दिन तक ड्यूटी करने वाले कार्यशाला कर्मियों को एकमुश्त 1200 रुपये और 9 दिन काम करने वाले को एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। होली अभियान के दौरान बस और कार्यशाला स्टाफ के साथ ही बाकी स्टाफ की भी छुट्टी प्रतिबंधित कर दी गई है।
नहीं होने देंगे परेशानी
होली को लेकर रोडवेज ने रविवार से होली अभियान शुरू कर दिया है जो 22 मार्च तक चलेगा। अभियान में 200 बसों की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - केके शर्मा, आरएम रोडवेज मेरठ रीजन