Meerut: साहब! मुझे पढ़ना है; परिजन बुजुर्ग से कराना चाहते हैं शादी, 12वीं की छात्रा ने SSP से लगाई गुहार
मेरठ में 12वीं की छात्रा ने जबरन शादी के खिलाफ एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की। छात्रा का कहना है कि वह पढ़ना चाहती है, लेकिन परिजन उसे बुजुर्ग से शादी करने पर मजबूर कर रहे हैं। पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं।
विस्तार
पापा मुझे पढ़ना है, पढ़ लिखकर अफसर बनना है। मुझे अभी शादी नहीं करनी है। यह बात मंगलवार को 12वीं की छात्रा ने एसएसपी ऑफिस पर बताई। छात्रा के अनुसार परिजन जबरन उसकी शादी एक बुजुर्ग से कराना चाहते है। छात्रा ने परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र दिया। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: दंपतियों में तकरार: पत्नी पूछे-रोज किससे करते हो बात? पति बोला-घर में घुसते ही लगा देती है मांगों का अंबार
इंचौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत करते हुए बताया कि परिजन उसकी शादी पैसों के लालच में एक बुजुर्ग से कराना चाहते हैं। शादी के लिए मना करने पर परिजन उसके साथ पूर्व में कई बार मारपीट कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: दंपतियों में तकरार: पत्नी पूछे-रोज किससे करते हो बात? पति बोला-घर में घुसते ही लगा देती है मांगों का अंबार
उसने बताया कि परिजनों ने उसे घर में कैद कर रखा था। उसने परिजनों से शादी नहीं करने की कई बार प्रार्थना की, लेकिन वह उसकी शादी की जिद पर अड़े हैं। छात्रा के अनुसार परिजन जान से मारने की धमकी देते हैं।
छात्रा ने कहा कि वह सिर्फ पढ़ना चाहती है। अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहती है। पुलिस ने छात्रा को न्याय का आश्वासन दिया। पुलिस से आश्वासन मिलने के बाद छात्रा चली गई। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के लिए कहा। एसपी देहात राकेश मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर छात्रा के परिजनों से बात की जाएगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।