Meerut: अजय गोयल को गोली लगने के मामले में वकीलों को हड़ताल, 10 नामजद सहित 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र में सरेबाजार दो पक्षों के बीच संघर्ष और फायरिंग में वकील घायल हो गया। प्रकरण में तहरीर के आधार पर पुलिस ने 10 नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र में आंबेडकर रोड पर सोमवार शाम सरेबाजार दो पक्षों के बीच संघर्ष और फायरिंग हो गई। इस दौरान पत्नी और बच्चों के साथ बाजार में खरीदारी करने निकले अधिवक्ता की पीठ में गोली लग गई। गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई। लोगों ने दुकानों और गलियों में छिपकर जान बचाई।
अधिवक्ता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए हमलावरों को तलाश कर रही है। प्रकरण में 10 नामजद सहित कल 20 लोगों के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला, धमकी देना व उपद्रव जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। पुलिस में आदित्य उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। वही सभी आरोपी फरार हैं। मामले में वकील हड़ताल पर चले गए। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कचहरी में हंगामा भी किया।
कंकरखेड़ा में सोमवार को अजय गोयल को गोली मार दी गई। इस मामले को लेकर मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री अमित दीक्षित की अध्यक्षता में वकील इकट्ठा हुए और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी करनी शुरू कर दी। जानकारी लगने पर सिविल लाइन थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम किया जाएगा। वहीं, अधिवक्ताओं ने चेतावनी कि अगर 24 घंटे में आरोपियों को जेल नहीं भेजा गया तो वह आंदोलन करेंगे। वकीलों पर लगातार हमले की घटना हो रही है। अधिवक्ताओं ने नाराजगी जाहिर की है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के ओम नगर निवासी अजय गोयल पुत्र रामस्वरूप गोयल पेशे से अधिवक्ता हैं। वह सोमवार करीब साढे सात बजे शाम पत्नी प्रीति व बच्चे ओम व मान्य के साथ स्कूटी से खरीदारी करने बाजार गए थे। इसी बीच मॉडल टाउन के सामने दो पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। बाइक सवार 20 से ज्यादा युवक एक दुकान में जमकर तोड़फोड़ व मारपीट कर रहे थे। हमलावरों ने पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान मौके से गुजर रहे अधिवक्ता को पीठ में गोली लग गई। वह सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।
गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अधिवक्ता को पहले कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने न्यूटीमा अस्पताल रेफर कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: मेरठ में बड़ा हादसा: फैक्टरी का बॉयलर फटने से दो कर्मचारियों की मौत, तीन घायल, परिजनों में मचा कोहराम
सरेबाजार फायरिंग करने के मामले में एक हेड कांस्टेबल के पुत्र निशांत व हर्ष चौधरी समेत पांच आरोपियों को चिह्नित किया गया है। हेड कांस्टेबल फिलहाल शामली में तैनात है। बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल के पुत्र ने अपना गिरोह बना रखा है। पूर्व में कई बार इसी तरह फायरिंग कर दहशत फैला चुका है। पिता की मदद से हर बार फैसला कर वह जेल जाने से बचता रहा है। दोपहर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। शाम को दोनों पक्ष फिर से भिड़ गए। एसपी सिटी का कहना है जांच में ही पता चलेगा कि हेड कांस्टेबल का पुत्र घटना में शामिल था या नहीं।
अधिवक्ता गोली प्रकरण में पुलिस का करेंगे घेराव
घटना के बाद पउप्र युवा अधिवक्ता एसोसिएशन की बैठक हुई। अध्यक्षता विनोद काजीपुर ने की। अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ता अजय गोयल की जिस प्रकार परिवार के सामने ही गोली मारी गई। उससे अधिवक्ता समाज में आक्रोश है। मंगलवार को अधिवक्ता बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन की नाकामी का विरोध करेंगे। बैठक में वीके शर्मा, अरुण शर्मा, सुशील शर्मा, रवि कुमार, आलोक सिंह के साथ अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
सड़कों पर अराजकता सुरक्षित नहीं जनता
शहर की सड़कों पर अराजकता का माहौल है। राहगीर भी सुरक्षित नहीं हैं। सदर बाजार क्षेत्र में स्टंटबाजों के बाद नौचंदी थाना क्षेत्र में सरिया मार गिरोह के बदमाशों ने आतंक मचा रखा है। अब कंकरखेड़ा में सरेबाजार फायरिंग कर दहशत फैला दी है। लोगों का कहना है कि अब सड़क पर चलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। वहीं, इस्लामाबाद में भी कुछ युवक आतिशबाजी कर हुड़दंग मचा रहे थे। पुलिस के रोकने पर उन्होंने उन पर भी हमला बोल दिया। हालांकि पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर लिया है।