मेरठ: कल से भरें बीए-बीएससी-बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म, कोविड गाइड लाइन के मुताबिक होंगी परीक्षाएं
परीक्षा फार्म भरे जाने की अंतिम तिथि तीन मार्च है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पहली बार शुरू हुए सेमेस्टर कोर्सों के परीक्षा फार्म भरे जाने को लेकर विवि ने सभी कॉलेजों को कोविड गाइड लाइन जारी की है।
विस्तार
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में बीए-बीएससी-बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म कल यानी गुरुवार से भरे जाएंगे। परीक्षा फार्म भरे जाने की अंतिम तिथि तीन मार्च है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पहली बार शुरू हुए सेमेस्टर कोर्सों के परीक्षा फार्म भरे जाने को लेकर विवि ने सभी कॉलेजों को गाइड लाइन जारी की है। सीसीएसयू की वेबसाइट पर पूरी गाइड लाइन अपलोड की गई है।
बीए-बीएससी-बीकॉम में पिछले वर्ष तक परीक्षाएं वार्षिक प्रणाली के तहत होती थीं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने के बाद इस बार से तीनों कोर्सों में सेमेस्टर सिस्टम लागू हुआ है। इनकी परीक्षाएं मार्च महीने में संभावित हैं। इनके परीक्षा फार्म गुरुवार से भरे जाएंगे।
ऑनलाइन परीक्षा फार्म और परीक्षा शुल्क भरे जाने की अंतिम तिथि तीन मार्च है। भरे गए फार्म का प्रिंट आउट कॉलेजों में जमा करने की अंतिम तिथि पांच मार्च है। कॉलेजों द्वारा फार्म विश्वविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि सात मार्च है। कॉलेजों और छात्र-छात्राओं को प्रवेश नियमावली और विषय कोड पुस्तिका का अध्ययन करने के बाद ही फार्म भरने को कहा है।
माइग्रेशन जमा नहीं किया तो परीक्षा में नहीं हो पाएंगे शामिल : विवि प्रशासन ने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं ने यूपी बोर्ड को छोड़कर अपना माइग्रेशन जमा नहीं किया है, वे परीक्षा फार्म के साथ माइग्रेशन जरूर जमा कर दें। उसकी फोटो कॉपी अपने पास जरूर संभालकर रखें। कॉलेजों से माइग्रेशन को लेकर छात्र-छात्राओं से निर्धारित प्रपत्र भरकर देने को कहा है।
यह भी पढ़ें: UP Elections 2022: बिजनौर की सभी सीटों पर उलझे समीकरण, मुस्लिमों ने गठबंधन को दी मजबूती, दलितों ने बिगाड़ा गणित, पढ़िए खास रिपोर्ट
फार्म भरते समय ये रखें ध्यान
विवि ने परीक्षा फार्म भरे जाने के संबंध में गाइड लाइन जारी की है। ये सीसीएसयू की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। परीक्षा फार्म भरने से पहले छात्र-छात्राएं इसको अवश्य पढ़ लें। समस्त मेजर विषयों की कोड बुक अपलोड की गई है। छात्र-छात्राएं परीक्षा फार्म में उन्हीं मेजर विषय को भरेंगे, जो एडमिशन के समय लिए गए थे। इनमें कोई बदलाव नहीं होगा।
अगर किसी ने प्रथम सेमेस्टर में माइनर इलेक्टिव विषय नहीं चुना है तो फार्म में नन का विकल्प भरेंगे। स्किल डेवलपमेंट कोर्स की पूरी सूची अपलोड की गई है। वोकेशनल स्किल डेवलपमेंट विषयों की परीक्षा का आयोजन कॉलेजों द्वारा किया जाएगा। ऐसे छात्र जिनके स्किल डेवलपमेंट में 80 फीसदी से अधिक अंक आएंगे, उनकी उत्तर पुस्तिका विवि में भेजनी अनिवार्य होगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों में सेमेस्टर परीक्षाओं के बैक पेपर-भूतपूर्व छात्र हेतु पूर्व में प्रचलित नियम ही लागू होंगे। को-कुरिलर विषयों की परीक्षाएं एमसीक्यू पैटर्न पर आधारित होंगी।
कल से कोविड गाइड लाइन के मुताबिक होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में यूजी-पीजी प्रोफेशनल कोर्सों की सेमेस्टर परीक्षाएं बृहस्पतिवार से कोविड गाइड लाइन के मुताबिक होंगी। बिना मास्क और थर्मल स्कैनिंग के परीक्षा किसी भी छात्र-छात्रा को केंद्र पर प्रवेश नहीं मिलेगा। विवि प्रशासन ने इस संबंध में सभी कॉलेजों को निर्देश जारी कर दिए हैं। 17 फरवरी से यूजी-पीजी में प्रोफेशनल कोर्सों की परीक्षाएं दो पालियों में शुरू हो रही हैं। पेपर की अवधि तीन घंटे से घटाकर डेढ़ घंटा कर दी गई है। इसके अलावा पांच वर्षीय इंटीग्रेटिड एलएलबी नौवें सेमेस्टर कोर्स का संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसकी परीक्षाएं 17 फरवरी से होंगी। एमबीबीएस, बीडीएस आदि कोर्सों की परीक्षाएं भी 17 फरवरी से होंगी।
नए सत्र के लिए एमबीए प्रोग्राम की दाखिला प्रक्रिया शुरू
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में दाखिले की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://ipu.admissions.nic.in पर 31 मार्च तक कर सकते हैं। सीटें खाली रहने पर अंतिम प्राथमिकता यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा की मेरिट पर दिया जाएगा। वहीं, दो मार्च से अन्य कोर्सेज के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। मंगलवार को आईपीयू के कुलपति प्रो. डॉक्टर महेश वर्मा ने एमबीए प्रोग्राम में दाखिले के लिए वर्चुअल मोड में ब्रॉशर जारी किया। इस अवसर पर कुलसचिव शैलेंद्र सिंह परिहार, अकादमिक मामलों के निदेशक प्रो. सीएस. राय, विकास निदेशक प्रो. एके सैनी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजू नायर एवं डॉ एसएल भंडारकर, दाखिला प्रमुख ब्रिगेडियर पी.के उपमन्यु भी मौजूद थे। इस एमबीए प्रोग्राम के तहत जनरल एमबीए, एमबीए इंटरनेशनल बिजनेस, एमबीए फाइनेंशियल मैनेजमेंट, एमबीए फाइनेंशियल अनॉलिसिस, और एमबीए एनॉलिटिक्स डिसिप्लिन शामिल हैं। ब्यूरो