Meerut: कड़ाके की ठंड में भी खाली मिले रैन बसेरे, न कहीं जलते दिखे अलाव, प्रभारी मंत्री ने जताई नाराजगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने मंगलवार रात रैन बसेरों का निरीक्षण किया। रैन बसेरों में शरणार्थी नहीं मिले और तीन जगह पर अलाव भी जलते नहीं मिले। नगर निगम की व्यवस्था पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जाहिर की और निगम के अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने की बात कही।
मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज तथा नागरिक सुरक्षा विभाग/प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह रात में मेरठ सर्किट हाउस पहुंचे। महापौर हरिकांत अहलूवालिया, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त डॉ. अमित पाल शर्मा के साथ बातचीत की। प्रभारी मंत्री ने रात में रैन बसेरों का औचक निरीक्षण करने की बात कही।
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने महापौर, महानगर अध्यक्ष और अधिकारियों के साथ पहले सोहराब गेट बस स्टैंड, मेडिकल कॉलेज, शेरगढ़ी और फिर तिरंगा गेट स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शरणार्थियों से रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं, कंबल एवं अलाव आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शेरगढ़ी बसेरे में एक भी शरणार्थी नहीं मिला, शहर में कई जगह पर अलाव भी नहीं जलते दिखाई दिए। हालांकि तीन जगह निगम के अधिकारियों ने अलाव जलते प्रभारी मंत्री को दिखाए। प्रभारी मंत्री ने निगम के अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर हरपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज और महापौर हरिकांत अहलुवालिया ने प्रभारी मंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। प्रभारी मंत्री ने डीएम दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सिंह सजवान से कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर बात की।