फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime Report: Fake marriage bureau caught, life imprisonment to three accused of murder of village head

Meerut Crime Report: फर्जी मैरिज ब्यूरो पकड़ा, ग्राम प्रधान की हत्या के तीन आरोपियों को आजीवन कारावास

Wed, 10 Jan 2024 04:20 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 10 Jan 2024 04:20 PM IST
सार

मेरठ से पिछले 24 घंटे की अपराध की खबरें पढ़ने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ।  एक क्लिक में पढ़ें अपराध के मुख्य समाचार।

विज्ञापन
Meerut Crime Report: Fake marriage bureau caught, life imprisonment to three accused of murder of village head
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

प्रेम विवाह कराने पर वर्ष 2018 में हुई खोड़ दयालपुर के ग्राम प्रधान की हत्या के मामले में न्यायालय ने तीन आरोपियों को आजीवन कारावास और 26 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। 

विज्ञापन


हस्तिनापुर के खोड़ दयालपुर गांव के प्रधान अर्जुन पुत्र विक्रम सिंह ने वर्ष 2018 में एक प्रेम विवाह कराया था। इससे लड़की पक्ष नाराज था। अर्जुन सिंह 18 मई को 2018 को अलीपुर मोरना गांव में पंचायत में जा रहे थे। तभी स्कार्पियो सवार लोगों ने गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी थी। अर्जुन के भाई मोनू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में राजेंद्र पुत्र ब्रह्म सिंह, विपिन पुत्र रमेश, सोनू पुत्र सुरज निवासी ग्राम पाली थाना हस्तिनापुर, सुमित पुत्र बिशन निवासी मोहल्ला डिफेंस काॅलोनी हस्तिनापुर के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। 
विज्ञापन


एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि न्यायालय ने राजेंद्र, विपिन, सुमित को धारा 302 में सश्रम आजीवन कारावास व 25000 का अर्थदंड और 25 आर्म्स एक्ट में 2 वर्ष का सश्रम कारावास और 5000-5000 के अर्थदंड और धारा 147 में एक वर्ष का कारावास व 1000 के अर्थदंड से दंडित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


जेल में रहकर प्रधान बना था अर्जुन
अर्जुन ने ग्राम प्रधान का चुनाव जेल से ही लड़ा था। अर्जुन के खिलाफ थाना मवाना में सात और हस्तिनापुर में दो मुकदमे दर्ज थे। इनमें रंगदारी, लूट, हत्या का प्रयास, घर में घुसकर हमला करने के मामले शामिल थे। वह मवाना थाने ने गैंगस्टर एक्ट में भी निरुद्ध था। हत्या से कुछ दिन पूर्व ही वह जेल से रिहा हुआ था।

इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के मकान से लाखों का सामान चोरी
रुड़की रोड स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एक घर से लाखों का सामान चोरी कर लिया गया। वारदात के समय परिवार किसी कार्यक्रम में गया हुआ था। लौटने पर घटना का पता चला। परिवार की ओर से नौकरानी पर चोरी का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद से नौकरानी फरार है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।

पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के फेज दो में अंचित जैन अपने परिवार के साथ रहते हैं। अंचित ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले दिल्ली की एक प्लेसमेंट सर्विसेज कंपनी से नौकरानी सुनीता को हायर किया था। वह दो साल से घर पर कार्य कर रही थी। अंचित जैन ने बताया कि सोमवार सुबह वह परिवार के साथ कार्यक्रम में गए थे। इस दौरान घर पर नौकरानी सुनीता थी। देर शाम वह अपने परिवार के साथ घर लौटे। घर का सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था और नौकरानी घर पर नहीं थी। 

अंचित जैन ने आरोप लगाया कि नौकरानी ही घर से लाखों रुपये का सामान चोरी करके ले गई। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस कंपनी से संपर्क कर नौकरानी की तलाश में जुट गई है। पल्लवपुरम थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव का कहना है कि आरोपी नौकरानी की तलाश की जा रही है।

सकौती रेलवे स्टेशन पर ठेकेदार से नकदी लूटी
सकौती रेलवे स्टेशन पर कुछ युवकों ने एक ठेकेदार से मारपीट कर तीन हजार रुपये लूट लिए। ठेकेदार महेश ने डायल-112 को सूचना दी। दौराला पुलिस ने जीआरपी को जानकारी दी। इंस्पेक्टर जीआरपी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित घटना तीन दिन पहले की बता रहा है, जबकि सूचना डायल-112 को दो दिन बाद दी गई है। यह मामला मारपीट का लग रहा है। 

सदर क्षेत्र में फर्जी  मैरिज ब्यूरो पकड़ा
मेरठ के सदर क्षेत्र में शादी के नाम पर युवकों और युवतियों को ठगने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो को पुलिस ने पकड़ा है। मौके से आठ महिलाओं को हिरासत में लिया है। इन महिलाओं से पुलिस पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि फर्जी मैरिज ब्यूरो की आड़ में ये लोग शादी कराने के नाम पर ठगी करते थे। इनके शिकार सबसे ज्यादा अविवाहित युवक होते थे। ऐसे ही किसी युवक से इस गिरोह ने हजारों की ठगी की थी। इसकी शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। 

गांजा बेचने के विवाद में युवक को गोली मारी
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के तारापुरी में गांजा बेचने के विवाद में नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने घर पर ही 24 वर्षीय दानिश के सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश बाइक पर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और दानिश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने गंभीर हालत देखकर निजी अस्पताल रेफर कर दिया। लिसाड़ीगेट इंस्पेक्टर ने घटना की जानकारी ली। सीसीटीवी कैमरे में दो बदमाश जाते हुए दिख रहे हैं।

रशीदनगर स्थित जोगियों वाली गली निवासी दानिश यहां पत्नी आलिया और दो बेटियों के साथ रहता है। मंगलवार शाम दानिश घर के आंगन में अंगीठी के पास बैठा था। तभी बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश दानिश के घर पर पहुंचे और आवाज देकर बाहर बुलाया। तभी बदमाशों ने दानिश को सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल को उपचार के लिए बागपत रोड पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

दानिश के पिता अब्दुल खालिद ने बताया कि बेटा कपड़े का कारोबार करता था। कारोबार में उसे काफी नुकसान हो गया था। फिलहाल मजदूरी कर अपना परिवार पल रहा था। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी व सीओ कोतवाली ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे कैमरों की डीवीआर को कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि दानिश गांजा भी बेचता था। इसी विवाद में उसी गोली मारी गई है। उधर, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि गांजा बेचने का मामला भी संज्ञान में आया है, इस मामले की जांच कराई जा रही है।

खाना बनाने वाले कारीगरों से 4.87 लाख हड़पे
परतापुर बाईपास स्थित निजी अस्पताल में खाने बनाने वाले कारीगर तीन माह का वेतन दिलाने की मांग लेकर जानी थाने पहुंचे तो पुलिस ने हवालात में बंद कर जमकर पिटाई कर दी। दो ठेकेदारों पर 20 से ज्यादा कारीगरों की 4.87 लाख रुपये की रकम पर बकाया है।

पीड़ित मंगलवार को एसएसपी से गुहार लगाने पुलिस कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस कार्यालय पहुंचे आगरा के नंदग्वा निवासी कोक सिंह ने बताया कि वे लोग किसी के माध्यम से महाराज कैटरिंग के संचालक योगेश व दिनेश से मिले। ये दोनों मिलकर बाईपास स्थित निजी अस्पताल में मैस चलाते हैं। यहां तीन माह काम करने के बावजूद पैसे नहीं दिए गए। ठेकेदार ने कहा कि गांव चले जाओ, तुम्हारे खातों में पैसा भिजवा दिया जाएगा। सभी कारीगर गांव लौट गए। इसके बाद भी पैसे नहीं मिले। आरोप है कि थाना पुलिस से शिकायत करने पर उन्हें हवालात में बंद कर पीटा गया। अब एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

हाईवे पर एडीओ पंचायत से लूटपाट
टीपी नगर थाना क्षेत्र में हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने खतौली में तैनात एडीओ पंचायत से लूटपाट और मारपीट की। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। टीपी नगर थाना क्षेत्र के मलियाना निवासी विनोद कुमार खतौली में एडीओ पंचायत के पद पर कार्यरत है। साेमवार रात वह खतौली से बाइक पर घर लौट रहे थे। हाईवे पर वेदव्यासपुरी पुलिस चौकी के नजदीक सड़क किनारे खड़े कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। उनसे नकदी, मोबाइल और सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर मारपीट करते हुए बदमाश फरार हो गए। टीपी नगर थाना प्रभारी का कहना है कि लूट का मामला नहीं है। कुछ युवक सड़क किनारे शराब पी रहे थे। उनके साथ एडीओ पंचायत की कहासुनी और मारपीट हो गई। मामले की जांच की जा रही है। 

एक किलो सोना लेकर फरार हुए दोनों कारीगर गिरफ्तार
सदर सराफा बाजार क्षेत्र के सात सराफा कारोबारियों का करीब एक किलो सोना लेकर फरार हुए दोनों कारीगरों को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हुए थे। आरोपी रिक्सिन शेख मूलरूप से पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के गांव बोनहाट और उसका जीजा रोहिम शेख गांव सुगदगी का रहने वाला है। दोनों यहां बेगमबाग में किराए पर रह रहे थे। कई कारोबारियों से उन्होंने जेवरात बनाने के लिए सोना ले रखा था। गत 28 दिसंबर की रात वे सोना लेकर फरार हो गए। इसमें कारोबारी मनी शंकर पाल का 400 ग्राम, शेख सफीउल्ला का 174 ग्राम, देवीदास चड्ढा का 170 ग्राम, संकेत शिंदे का 103 ग्राम, निजामुद्दीन का 55 ग्राम, शेख शमीम का 52 ग्राम और रमजान शेख का 15 ग्राम सोना भी शामिल था। एएसपी कैंट आदित्य बंसल ने बताया कि जांच अभी जारी है। 

काजमी की जमानत पर सुनवाई अब 11 को
होटल ब्रॉडवे इन के मालिक कमर अहमद काजमी को 100 करोड़ की जीएसटी चोरी के मामले में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई 11 जनवरी को जिला जज मेरठ रजत सिंह जैन के न्यायालय में होगी। अभियोजन पक्ष के अनुसार काजमी के अधिवक्ता ने जिला जज मेरठ के न्यायालय में जमानत अर्जी लगाई थी। इस पर 9 जनवरी 2023 की तिथि नियत थी। मगर विवेचना अधिकारी द्वारा चार्ज शीट देरी से भेजने के कारण जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं हो पाई थी। न्यायालय ने अब जमानत याचिका पर मंगलवार 11 जनवरी की तिथि नियत कर दी है। 

आत्महत्या को उकसाने का आरोपी पति दोषमुक्त
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (कोर्ट संख्या 10) राकेश कुमार सिंह ने पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी रूपम को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त करार दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार 14 अक्तूबर 2013 को वादी रामकिशोर त्यागी ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उसकी पुत्री रजनी का विवाह प्रभातनगर के रूपम से हुआ था। रजनी को शिरडी जाना था, लेकिन पति रूपम ने मना कर दिया और उसे आत्महत्या के लिए विवश किया। इस कारण रजनी ने आत्महत्या कर ली। इसी मामले में आरोपी रूपम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र पाल सिरोही ने अदालत में मजबूत पैरवी की। 

कब्रिस्तान के मुतवल्ली पर किया हमला
बुनकरनगर स्थित चांद का पुल कब्रिस्तान के मुतवल्ली इजहार अहमद पर मंगलवार देर रात कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर गोकशी के मामलों में शामिल रहे हैं। ये लोग अचानक कब्रिस्तान में घुस आए तो मुतवल्ली ने आने का कारण पूछा। इसके बाद यह हमला कर दिया गया। मुतवल्ली ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए। उन्हें देखकर हमलावर फरार हो गए। घायल मुतवल्ली को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed