Meerut: महिला पर तेजाब फेंकने के आरोपी की जेल में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मेरठ में चौधरी चरण सिंह कारागार में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यहां महिला पर एसिड अटैक के जुर्म में सजा काट रहे कैदी की मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
विस्तार
महिला पर तेजाब फेंकने के मामले में जेल में बंद आरोपी रोहित की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जेल प्रशासन पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद कानूनी कार्रवाई करेंगे। वहीं, जेल अधीक्षक ने जिला जज और डीएम से मौत की न्यायिक जांच कराने के लिए पत्र लिखा है।
शताब्दीनगर में हवाई पट्टी की ओर एक महिला पर नवंबर 2018 में बाइक सवारों ने तेजाब फेंक दिया था। महिला का चेहरा और सिर झुलस गया था। उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला के पिता की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था।
जांच में सामने आया था कि स्कूल संचालक अजब सिंह, अंकित, रिंकू, रोहित और रवि ने वारदात को अंजाम दिया। महिला अजब सिंह के स्कूल में पढ़ाती थी। आरोप है कि अजब सिंह उसे परेशान करता था। महिला ने यहां नौकरी छोड़ दी थी और एक निजी कंपनी के स्टोर में काम करने लगी।
यह भी पढ़ें: Meerut: महामंडलेश्वर को मिली धमकी, पांच लाख नहीं दिए तो शरीर में पीतल भर देंगे, पांच बार कॉल कर मांगी रंगदारी
परिजन बोले, चेहरे और गले पर थे निशान
रोहित के परिजनों ने शव देखकर जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि ऐसा कुछ नहीं था कि राेहित आत्महत्या जैसा कदम उठाता। भाई विनीत और चचेरे भाई ध्यान सिंह ने बताया कि रोहित का चेहरा बुरी तरह से कुचला था। उसे ईंटों से पीट-पीटकर मारा गया है। गले पर भी रस्सी के निशान थे। उसकी हत्या की गई है। अंतिम संस्कार से निपटने के बाद जेल प्रशासन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट से मिली थी जमानत
रोहित के परिजनों ने बताया कि तेजाब फेंकने के मामले में राेहित सहित अन्य आरोपियों को 24 फरवरी को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। रोहित जेल से बाहर आ गया था। हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ पीड़िता सुप्रीम कोर्ट चली गई थी। पांच अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्हें नौ अप्रैल को कोर्ट में पेश किया था। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था।
परिजनों के आरोप निराधार
रोहित को जेल कैंपस स्थित अस्पताल के एकांतवास में रखा गया था। शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आ जाएगी। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे थे। जिला जज और डीएम को न्यायिक जांच के लिए पत्र लिखा है। -शशिकांत मिश्रा, जेल अधीक्षक।