Meerut Crime News: तलाक नहीं देने पर पति को हत्या की धमकी दी, छत पर खेल रही बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश
तलाक नहीं देने पर पत्नी ने पति को हत्या की धमकी दी है। वहीं छत पर खेल रही बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पढ़ें खास खबरें।
विस्तार
मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मैनापूठी निवासी पीआरडी के जवान गौरव शर्मा पुत्र निरंजन शर्मा को उसकी पत्नी ने तलाक और सात लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। आरोप है कि उसकी पत्नी मुस्कान-सौरव जैसी घटना को अंजाम देने की धमकी दे रही है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
गौरव ने तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी के साथ उसका विवाद परिवार न्यायालय में चल रहा है। बताया कि तीन महीने पहले उसकी पत्नी उसके बेटे को घर पर छोड़कर चली गई थी। बताया कि अब वह एक सप्ताह में घर पर आती है।
आरोप है कि उसकी पत्नी उस पर तलाक और सात लाख रुपये देने का दबाव बना रही है। जब उसने कहा कि उसकी मां कैंसर से पीड़ित होने की बात कहकर रुपये देने से इन्कार किया तो आरोपी पत्नी ने उसे मुस्कान की तरह हत्या करने की धमकी दी है। आरोपी उसे फोन पर धमकी दे रही है। पीड़ित ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले में जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश
मवाना क्षेत्र की एक महिला से मंगलवार को एक आरोपी ने घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़ित ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया, तो आरोपी ने मारपीट की। बुधवार को पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़िता ने शिकायत देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह वह घर पर काम कर रही थी। पति काम पर गए थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला एक युवक घर में घुस आया। आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने कहा कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर के थाना फुगाना के गांव जोगियाखेड़ा निवासी शाहरुख पुत्र इंतजार, अनस, दानिश, सुहेल आदि मजदूरी कर गांव झुनझुनी से बाइक पर लौट रहे थे। वह गांव खालिदपुर के समीप पहुंचे तो पीछे से चार बाइकों पर सवार आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोग आए। इन सभी ने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। उनका नाम-पता पूछकर उनके साथ गाली गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। उसी समय एक कार आ गई, जिसे देख पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना के संबंध में पीड़ितों ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
स्कूल के लिए निकली छात्रा लापता
मुंडाली थाना क्षेत्र के जिसोरा गांव निवासी अय्याज ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 26 जून को सुबह 10 बजे घर से स्कूल जाने के लिए कहकर गई थी, जो वापस घर नहीं लौटी। तलाश करने पर भी उसका कुछ सुराग नहीं लगा। पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई है।
ईंट मारकर घायल किया
मुंडाली थाना पर नंगला कबूलपुर निवासी करण सिंह ने मुकदमा पंजीकृत कराया कि वह अपनी ट्यूबवेल से घर जा रहा था। रास्ते में अजय नारायण घर के बाहर चारपाई बिछाकर बैठा था। अपने रास्ते से निकलने को मना किया। पूछने पर ईंट मारकर घायल कर दिया। गाली गलौज कर जान मारने की धमकी दी है।
छत पर खेल रही बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश
रेलवे रोड की एक कॉलोनी में मंगलवार शाम छत पर खेल रही 12 वर्षीय बच्ची से एक आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी के परिजनों ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पर आरोपी के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है।
एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। पुलिस जांच में लग गई है। थाना क्षेत्र की एक कालोनी निवासी महिला ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसकी 12 वर्षीय बेटी मंगलवार शाम छत पर खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला आरोपी दीवार कूदकर छत पर आ गया। आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की तो पीड़िता ने शोर मचा दिया।
परिजन छत पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर मौके से भाग गया। पीड़ित परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो आरोपी के परिजनों ने अभद्र व्यवहार किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
लोहियानगर थाना क्षेत्र में लगातार फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार देर रात हुमायूंनगर में मोबाइल फोन को लेकर कहासुनी के बाद दो युवकों ने फायरिंग की। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जिस युवक पर फायरिंग की, उसने एक मकान में घुसकर जान बचाई। पुलिस ने पीड़ित समीर की ओर से कॉलोनी के ही सद्दाम और शाहरुख के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
हुमायूंनगर निवासी समीर का कॉलोनी में कैफे रेस्टोरेंट चलाने वाले सद्दाम से मंगलवार देर रात मोबाइल फोन को लेकर विवाद हो गया। तब कुछ लोगों ने दोनों में समझौता करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद ही सद्दाम और शाहरुख ने अवैध पिस्टल से फायरिंग कर दी। समीर ने एक मकान में घुसकर जान बचाई।
डेयरी संचालक ने की गाली गलौज
सरधना कस्बा हर्रा निवासी खुशी मोहम्मद ने मोहल्ले में संचालित डेयरी के कारण फैल रही गंदगी और बदबू को लेकर एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा को शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके मकान के दोनों ओर डेयरी चलाई जा रही है, जहां करीब सौ पशु रखे गए हैं।
आरोप है कि पशुओं के मल-मूत्र और गंदे पानी के कारण क्षेत्र का वातावरण बुरी तरह प्रदूषित हो गया है। डेयरी से सबमर्सिबल पंप के माध्यम से गंदा पानी सीधे नालियों में बहाया जा रहा है, जिससे वह आसपास के घरों में घुस रहा है और लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। विरोध करने पर गाली गलाैज करता है।