Meerut Crime Incidents: सपा नेता मुकेश सिद्धार्थ दूसरी जेल में हो सकते हैं शिफ्ट, मंदिर से मूर्ति चोरी
मेरठ से पिछले 24 घंटे की अपराध की मुख्य खबरें जानने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर को जिंदा जलाने का बयान देने के मामले में चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंद सपा नेता मुकेश सिद्धार्थ को दूसरी जेल में शिफ्ट किया जा सकता है। हालांकि जेल प्रशासन का कहना है कि अभी इस बाबत कोई आदेश नहीं मिला है।
नगर निगम में अनुसूचित जाति के पार्षदों से हुई मारपीट के मामले में छह जनवरी को कलक्ट्रेट में भाजपा नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन हुआ था। इस प्रदर्शन में मुकेश सिद्धार्थ ने ऊर्जा राज्यमंत्री को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी थी। इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने अपनी ओर से गंभीर धाराओं में मुकेश सिद्धार्थ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकेश को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था। अब मुकेश पर रासुका लगाने की तैयारी चल रही है। इस बारे में विधिक राय ली जा रही है। वहीं, मुकेश को दूसरे जेल में भी शिफ्ट किया जा सकता है। जेल अधीक्षक शशिकांत मिश्रा का कहना है कि अभी इस बाबत कोई आदेश नहीं आया है।
अनुसूचित जाति समाज के लोगों में रोष, पूर्व विधायक सहित अन्य डीएम से मिले
सपा नेता मुकेश सिद्धार्थ पर रासुका की तैयारी पर अनुसूचित जाति के लोगों में आक्रोश है। शनिवार को पूर्व विधायक विनोद हरित, रालोद नेता नरेंद्र खजूरी व प्रोफेसर सतीश प्रकाश सहित अन्य लोग जिलाधिकारी से मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की।
पूर्व विधायक विनोद हरित, नरेंद्र खजूरी, जिला पंचायत सदस्य प्रताप लोहिया, जिला पंचायत सदस्य दीपक गुन, लीलापत, प्रवीण भारती, रविंद्र प्रेमी, प्रोफेसर सतीश प्रकाश, रामदास, सुशील कुमार, प्रसन्नजीत गौतम ने जिलाधिकारी से उनके आवास पर मुलाकात की। इसमें बताया कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए मुकेश सिद्धार्थ को गिरफ्तार किया है और अब रासुका की तैयारी शुरू कर दी। वहीं, पुलिस प्रशासन के कहने पर और कानून व्यवस्था को देखते हुए समाज के लोगों ने महापंचायत स्थगित कर दी थी। उन्होंने कहा कि मुकेश सिद्धार्थ पर रासुका की कार्रवाई हुई तो अनुसूचित जाति के लोग दोबारा महापंचायत का ऐलान करेंगे। प्रशासन इसके लिए जिम्मेदार होंगे। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने आश्वासन दिया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई होगी।
एसओजी और गंगानगर पुलिस की टीम ने बैंक अधिकारी के घर पर चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और तमंचा बरामद किया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने घटना का खुलासा किया।
गंगानगर पुलिस के मुताबिक सात जनवरी को एचडीएफसी बैंक गंगानगर शाखा के क्रेडिट मैनेजर रोहित सोनी के घर में बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में घर के बाहर लगे सीसीटीवी में सभी आरोपी कैद हो गए थे। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो आरोपियों को सीएनजी पंप के पास से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने शंकर निवासी तिवाई मोहल्ला मवाना, सावन तिहाई मोहल्ला मवाना और अर्जुन निवासी मोहल्ला हीरालाल मवाना को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया गया। एसपी देहात कमलेश बहादुर का कहना है कि सभी सामान बरामद हो गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ये आरोपी टाइल्स लगाने और पलंबर का काम करते हैं। आरोपियों के पास से एक लाख एक हजार पांच सौ रुपये, 315 बोर का तमंचा और जेवरात भी बरामद किए हैं।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी शाहरुख को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने शालीमार गार्डन निवासी शाहरुख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पीड़िता का आरोप था कि इकबाल ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। शनिवार को पुलिस ने शाहरुख को कांच का पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में छात्रा से अश्लील फोटो और वीडियो मंगाकर उसे वायरल करने की धमकी देने के मामले में दोनों पक्षों में थाने में समझौता हो गया। छात्रा के अश्लील फोटो और वीडियो डिलीट कराए गए। इस मामले में छात्रा और आरोपी छात्र के परिजनों ने दोनों की शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह समझौता किया।
दरअसल, शुक्रवार को पल्लवपुरम क्षेत्र में कक्षा नौ की छात्रा के परिजनों ने उसके स्कूल में ही पढ़ने वाले कक्षा 12 के छात्र पर आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया था कि छात्र ने नस काटने की धमकी देकर अश्लील फोटो और वीडियो मंगवाए। इसके बाद उसे वायरल करने की धमकी दी। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से थाने में कई घंटे तक पूछताछ की। मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए। पुलिस के सामने ही दोनों के परिजनों में बातचीत हुई।
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल में मिले करीब 10 वीडियो और 20 से अधिक फोटो डिलीट करा दिए। छात्र और उसकी बहन के फोन को भी फारमेट कराया गया। इसके बाद दोनों पक्षों का थाने पर ही समझौता हो गया। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव का कहना है कि छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए परिजनों ने समझौता कर लिया और कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया है।
मासूम को भर्ती न करने पर हंगामा, परिजनों से मारपीट
मेडिकल कॉलेज में शनिवार शाम मासूम को भर्ती न करने को लेकर हंगामा हो गया। स्टाफ ने उसके परिजनों से मारपीट कर दी। बाद में पीड़ित परिजन मासूम को दिल्ली ले जाने के लिए रवाना हो गए। छोटा मवाना निवासी सतेंद्र के दो माह के पुत्र के शरीर में संक्रमण फैल गया।
शनिवार शाम परिजन मासूम को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि स्टाफ की लापरवाही के चलते पीड़ित परिजनों को इमरजेंसी और दूसरे विभाग के बीच कई चक्कर काटने पड़े। इसके बाद भी मासूम को भर्ती नहीं किया गया। इससे परिजन परेशान हो गए।
मेडिकल कॉलेज के स्टाफ ने बच्चे को दिल्ली ले जाने के लिए कह दिया। इसके बाद स्टाफ के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि स्टाफ में शामिल लोगों ने परिजनों के साथ मारपीट कर दी। हंगामा होते देख आसपास के लोग पहुंचे और मामला शांत कराया। इसके बाद परिजन बिना किसी कार्रवाई के बच्चे को लेकर दिल्ली रवाना हो गए। मेडिकल थाना प्रभारी ने घटना के संबंध में कोई शिकायत मिलने से इन्कार किया है।
वीडियो हुआ वायरल
इस मामले को लेकर एक वीडियो भी वायरल हुआ। वीडियो में एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के बाहर शोरशराबा हो रहा है। इस वीडियो को घटना से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन ने इस वीडियो को दो वर्ष पुराना बताया है।