मेरठ बवाल: पूर्व सांसद शाहिद अखलाक ने पीड़ित परिवारों के लिए किया बड़ा एलान
मेरठ में भूसा मंडी बवाल और मछेरान में 200 झुग्गी- झोपड़ियां जलने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पूर्व सांसद हाजी शाहिद अखलाक ने बड़ा एलान किया है। शाहिद अखलाक ने सभी लड़कियों की शादी कराने की घोषणा की है।
बताया गया कि शाहिद अखलाक अपने ट्रस्ट से 31 लड़कियों की शादी में 31 लाख रुपए खर्च करेंगे। वहीं पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए शहर काजी को 25 लाख रुपए सौंप दिए हैं। शहरकाजी द्वारा यह रकम पीड़ित परिवारों में बांटी जाएगी।
उधर, भूसा मंडी मछेरान की घटना के बाद विभिन्न संगठनों एवं सामाजिक लोगों द्वारा सेवा कार्य शनिवार को भी जारी रहा। जमियत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष हजरत मौलाना कारी उस्मान मंसूरपुरी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों का हाल पूछा और जिला प्रशासन से मांग कि पीड़ित परिवार को 10-10 लाख की सहायता कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
जमियत उलमा-ए-हिंद की जानिब से शनिवार शाम तक लगभग 150 पीड़ित परिवारों को 5-5 हजार रुपए की सहायता की। जमियत के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. यूसुफ कुरैशी, पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद, शहर अध्यक्ष जैनुर राशिद्दीन, कारी सलमान कासमी सहित दिल्ली से आस मौलाना मुजीबुल्ला, मौलाना इब्राहीम आदि रहे। शहरकाजी जैनुस साजिद्दीन ने भी क्षेत्र का दौरा किया।
घटना के चौथे दिन शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों से आई सामग्री का वितरण किया गया। जली कोठी के लोगों ने तीन वाहनों में राहत सामग्री मछेरान मोहल्ले में भेजी।
उधर, नूरबानो महिला एवं जनकल्याण समिति की सदस्याएं भी पीड़ित परिवारों से मिलीं। समिति की अध्यक्ष नूरबानो ने कहा कि शासन प्रशासन व सर्व समाज के लोगों को आगे आकर पीड़ितों की मदद करनी चाहिए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/