{"_id":"69dfd5e028faeef8d30e6dde","slug":"meerut-assistant-professor-of-medical-meerut-assistancollege-assaulted-car-vandalized-2026-04-15","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Meerut: मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर से मारपीट, कार में तोड़फोड़, महिलाओं के साथ अभद्रता; ये है मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Meerut: मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर से मारपीट, कार में तोड़फोड़, महिलाओं के साथ अभद्रता; ये है मामला
Thu, 16 Apr 2026 12:07 AM IST
Mohd Mustakim
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
Published by: Mohd Mustakim
Updated Thu, 16 Apr 2026 12:07 AM IST
सार
शास्त्रीनगर निवासी डॉ. रिजवान मेरठ मेडिकल कॉलेज में सर्जन हैं। वह बुधवार को बहन और बुआ के साथ पिठलोकर गांव जा रहे थे। रास्ते में उनका कार सवार कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया। इसी बात पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की।
विज्ञापन
थाने में तहरीर देते सर्जन, कार में की गई तोड़फोड़।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सरधना में तहसील रोड पर गोमती नगर पुलिया के पास बुधवार को कार को रास्ता न देने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने अपने साथियों को मौके पर बुलाकर मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रिजवान के साथ मारपीट की। हमलावरों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना में प्रोफेसर घायल हो गए। साथ ही उनकी बहन और बुआ के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी डॉ. रिजवान पुत्र लुकमान अली मेरठ मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर व सर्जन हैं। वह बुधवार को अपनी बहन सुमइया और बुआ कमरजहां के साथ पिठलोकर गांव जा रहे थे। कार उनका परिचित नाजिम चला रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
बताया गया कि जैसे ही वे टाउन हाल रोड स्थित गोमती नगर पुलिया के पास पहुंचे, वहां सड़क निर्माण के चलते जाम लगा हुआ था। इसी दौरान सामने खड़ी एक कार में सवार युवकों ने रास्ता देने की बात कही, जिस पर डॉ. रिजवान ने जाम खुलने पर वाहन हटाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात पर विवाद बढ़ गया और कार सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
इसके बाद बीच सड़क पर डॉ. रिजवान के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़ दिए गए और कार के पीछे का शीशा तोड़ दिया गया। आरोपियों ने उनकी बहन और बुआ के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
हंगामे के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी भाग गए। इसके बाद पीड़ित किसी तरह थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।