Meerut: हाईवे पर आत्मदाह की कोशिश, हंगामे से रोड हुआ जाम, चिल्लाकर बोला- पुलिस ने मुझे झूठे केस में फंसाया
Meerut News : एक युवक ने हाईव पर आत्मदाह करने की कोशिश की। इस दौरान युवक ने जमकर हंगामा किया, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। युवक चिल्लाकर बोल रहा था कि पुलिस ने मुझे केस में फंसाया है। जानिए आखिर पूरा मामला क्या है।
विस्तार
मेरठ जनपद में मेरठ-बागपत बाईपास पुल के पास शुक्रवार को एक युवक ने करीब आधे घंटे तक जमकर हंगामा किया। इस दौरान युवक ने पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। वहीं, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी प्रकार युवक को बचाया। युवक का कहना है कि उसे पुलिस ने झूठे चोरी के आरोप में पकड़ कर यातनाएं दीं। उस पर दबाव बनाकर 10 हजार रुपये भी ले लिए।
गांव कालंजरी निवासी पंकज कुमार पुत्र जयवीर का आरोप है कि वह बाईपास स्थित एक प्राइवेट बिल्डर के पास काम करता है। तीन दिन पूर्व बिल्डर ने उस पर झूठा तार चोरी करने का आरोप लगाकर सुभारती चौकी पुलिस से पकड़वा दिया था। आरोप है कि पुलिस ने उस पर दबाव बनाकर 10 हजार रुपये लेकर छोड़ा था।
वहीं, शुक्रवार को पंकज बोतल में पेट्रोल लेकर मेरठ-बागपत बाईपास पुल के पास पहुंचा। उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। इसके बाद वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि चोरी के झूठे आरोप में उसका पुलिस ने उत्पीड़न किया है। इतना ही नहीं छोड़ने के नाम पर पुलिस और बिल्डर ने दस हजार रुपये जबरदस्ती ले लिए। वह चोरी का झूठा इल्जाम सह नहीं सकता। इसलिए आग लगाकर आत्महत्या करेगा।
यह भी पढ़ें: आखिरबार बहन ने मनाया रक्षा बंधन: सड़क पर दौड़ाता रहा बस, रोकने के लिए चिल्लाती रही महिला; अंत में कूदकर दी जान
हाईवे पर इस दौरान बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना लगने पर जानी और टीपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी प्रकार सिविल ड्रेस पहने एक सिपाही ने पंकज को आग लगाने से रोक लिया। इसके बाद जानी थाना पुलिस पंकज को अपने साथ ले गई। पुलिस ने थाने में बिल्डर को भी बुला लिया। फिलहाल थाने में दोनों पक्षों के बीच फैसले को लेकर बातचीत चल रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: मुठभेड़ में 25 हजार इनामी घायल, युवक की मौत के मामले में खाकी पर गिरी गाज, पढ़ें ताजा खबरें