Meerut: मेट्रो स्टेशन पर सराफा कारोबारियों से मिला 500 ग्राम सोना, जांच को लेकर हंगामा
मेरठ के भैसाली मेट्रो स्टेशन पर चेकिंग के दौरान सराफा कारोबारियों के पास से करीब 500 ग्राम सोना मिलने पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। सूचना पर पहुंची जीएसटी टीम ने सोने को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
विस्तार
मेरठ के भैसाली मेट्रो स्टेशन पर चेकिंग के दौरान सराफा कारोबारियों के पास से करीब 500 ग्राम सोना मिलने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। सुरक्षा जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर में सोना मिलने पर सुरक्षाकर्मियों ने दो व्यापारियों को रोक लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी।
जीएसटी टीम ने शुरू की जांच
सुरक्षाकर्मियों की सूचना पर जीएसटी विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और सोने से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पकड़े गए व्यापारी पंजाब के अमृतसर निवासी विजय और अजय नाम के दो भाई हैं, जो सोना लेकर मेरठ आए थे।
व्यापारियों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मेरठ के सराफा बाजार से कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई को उत्पीड़न बताते हुए हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला।
दिल्ली होकर अमृतसर लौटने की थी योजना
व्यापारियों के अनुसार विजय और अजय मेरठ सराफा बाजार आने के बाद हस्तिनापुर गए थे। वहां से लौटकर वे भैसाली मेट्रो स्टेशन पहुंचे थे, जहां से उन्हें मेट्रो के जरिए दिल्ली जाना था और वहां से अमृतसर के लिए रवाना होना था।
बिल न मिलने पर हो सकती है कार्रवाई
जीएसटी विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर अमित पाठक के अनुसार सोने को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। अगर सोने से संबंधित जरूरी बिल या दस्तावेज नहीं मिलते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। देर रात तक टीम सोने से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटी रही।