Meerut: ग्रामीण के घर पर 15 राउंड फायरिंग, दहशत में परिवार, मौके से आठ खोखे मिले
मवाना के मुबारिकपुर गांव में सोमवार को मामूली बात पर ग्रामीण के मकान पर फायरिंग कर दी गई।
विस्तार
मेरठ में मवाना थानाक्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में सोमवार को मामूली बात पर प्रदीप के मकान पर बाइकों पर सवार होकर आए 15 हमलावरों ने तमंचे और पिस्टल से फायरिंग की। गनीमत रही कि हमले में किसी को गोली नहीं लगी। वारदात के बाद से परिवार में दहशत व्याप्त है। सीओ अभिषेक पटेल ने भी मौके पर जाकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से आठ खोखे बरामद किए हैं।
मवाना कोतवाली के गांव मुबारिकपुर निवासी प्रदीप के बेटे तुषार ने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर उसके यहां फूफेरा भाई मोदीनगर से टाटा ऐस में भैंस लेकर आया था। टाटा ऐस मकान से कुछ दूरी पर खड़ा हुआ था। भैंस को टाटा ऐस से उतारने के लिए स्थान देख रहे थे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 3 जून को आपके शहर में क्या हुआ
प्रदीप की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले कार्तिक, आकाश, प्रिंस व 5-6 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट में बताया है कि आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और मोटर साइकिल से आए और उसके घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर आगे की ओर भाग गए।
शाम को किया हमला, युवती ने बनाई वीडियो
आरोप है कि शाम 5 बजे के कई बाइकों पर लगभग 15 युवक आए। हमलावरों के हाथों में तमंचे, पिस्टल आदि थे। आरोप है कि आते ही आरोपियों ने सीधे फायरिंग करनी शुरू कर दी।
मकान की छत से परिवार की एक युवती ने फायरिंग कर रहे लोगों की मोबाइल से वीडियो बनाई तो उस पर भी फायरिंग की। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। आरोपियों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। फायरिंग से परिवार दहशत में आ गया।
आरोपी फायरिंग करने के बाद धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पुलिस व सीओ अभिषेक पटेल मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं पुलिस को मौके से 8 खोखे मिले हैं। घर पर गोलियों के कई निशान हैं।
घटना के संबंध में प्रदीप की ओर से थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सीओ अभिषेक पटेल का कहना है कि कहासुनी हो गई थी, बाद में लोग आए और फायरिंग की।