स्मार्ट मीटरों की शिकायतों पर एमडी ने लगाई फटकार
मेरठ। स्मार्ट मीटरों की बिलिंग नहीं होने और ज्यादा बिल आने के मामले में पीवीवीएनएल एमडी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी फटकार लगाई। वह बुधवार को ऊर्जा भवन सभागार में स्मार्ट मीटर बिलिंग व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। एमडी ने स्मार्ट मीटर लगाने वाली कार्यदायी संस्था मेसर्स एलएंडटी और मेसर्स ईईएसएल को मीटर लगाने में बरती जा रही शिथिलता और खराब बिलिंग व्यवस्था पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दोनों कंपनियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निदेशक वाणिज्य आईपी सिंह ने अधिशासी अभियंता परीक्षण और सहायक अभियंता परीक्षण को स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की शिकायतों का संज्ञान लेकर चेक मीटर लगवाने के निर्देश दिए। एमडी अरविंद मल्लपा बंगारी ने बताया कि मेरठ जोन में स्मार्ट मीटरिंग अनुश्रवण सेल का गठन किया गया है। इसके माध्यम से स्मार्ट मीटर के संबंध में उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायत और सुझाव लिए जाएंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर 9193330130 शुरू किया गया है। इस पर उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बैठक में स्टाफ ऑफिसर एके आत्रेय, अधीक्षण अभियंता एके सिंह, अधीक्षण अभियंता बीके मिश्र, अधिशासी अभियंता अनूप सिंह, रामबाबू, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।