सहारनपुर: दंगा पीड़ितों के लिए मायावती ने किया मुआवजे का ऐलान
बसपा सुप्रीमो मायावती मंगलवार को सहारनपुर पहुंची जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए मुआवजे का ऐलान किया। मायावती ने कहा कि पार्टी फंड के पैसे से जिनके घर जले उनको 50 हजार रुपए और जिनका कम नुकसान हुआ है उनको 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। यह ऐलान बसपा सुप्रीमो ने शब्बीरपुर में मंच से किया। इस दौरान मायावती ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनका हाल जाना।
इसके अलावा मायावती ने कहा कि सहारनपुर दंगा बीजेपी ने कराया है। वहीं प्रशासन को भी आड़े हाथों लेते हुए मायावती ने कहा कि प्रशासन ने सरकार के इशारे पर पक्षपात किया। माया ने कहा कि भाजपा नफरत फैलाना बंद करें। साथ ही मायावती ने कहा कि कोई भी कार्यक्रम किसी संगठन की बजाय बसपा के बैनर तले करें। किसी की हिम्मत नहीं होगी रोकने की। मायावती ने कहा कि प्रशासन मुकदमे वापस लेकर दोनों के हाथ मिलवाए।
मायावती के पहुंचने से पहले हुआ बवाल
बता दें कि बीएसपी बॉस ने पहले ही बता दिया था कि वह मंगलवार यानी 23 मई को सहारनपुर जाएंगी। बड़ी बात यह है कि मायावती के पहुंचने से पहले ही राजपूत के बिटौड़े व गलियों में आग लगा दी गई। राजपूतों ने भीम आर्मी पर आग लगाने का आरोप लगाया है। मायावती के दौरे ठीक पहले ही हंगामा और शब्बीरपुर में फिर से तनाव की स्थिति बनी। इसके बाद मौके पर डीएम व एसएसपी भारी पुलिसफोर्स के साथ पहुंचे और मामले की छानबीन की।
सहारनपुर में सड़क दूधली बवाल व शब्बीरपुर की जातीय हिंसा के बाद जैसे हालात पैदा हुए हैं उसमें दलितों की दुखती रग पर हाथ धरने को बसपा सुप्रीमो मायावती आज सहारनपुर पहुंची। शब्बीरपुर में दलितों पर हुए उत्पीड़न का मुद्दा उछाल कर बसपा अपने बेस वोट को खिसकने नहीं देना चाहती है। अब तक सोशल इंजीनियरिंग में दलित मतों के साथ जातीय समीकरण फिट करने में जुटी बसपा सहारनपुर के जरिए दलित-मुस्लिम गठजोड़ कोशिश करेंगी। कुल मिलाकर शब्बीरपुर दौरे के पीछे पूर्व मुख्यमंत्री मायावती अपने मजबूत गढ़ से विरोधियों का किला भेदने की तैयारी में हैं।