करोड़ों की घपलेबाजी में बैंक अफसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, ग्राहकों के खिलाफ रचा था षड्यंत्र
मुजफ्फरनगर के ककरौली एसबीआई बैंक में करोड़ों रुपयों की घपलेबाजी के मामले में बैंक अधिकारियों ने शाखा प्रबंधक चंद्रमोहन शर्मा, उपप्रबंधक राकेश शर्मा, सहायक वीर बहादुर सिंह व रविंद्र कुमार और मनोज कुमार के विरुद्ध षड्यंत्र रचकर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, जांच के दौरान प्रकाश में आई घपलेबाजी की रकम और अधिक बढ़ने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर दिशा निर्देश के अनुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
भारतीय स्टेट बैंक जिला मुजफ्फरनगर के मुख्य प्रबंधक आरपीओ मनोज कुमार झा अपने कानूनी सलाहकार एडवोकेट सैयद जैगम मियां जैदी के साथ बुधवार को ककरौली थाने में पहुंचे। उन्होंने सीओ भोपा राममोहन शर्मा व थाना प्रभारी जितेंद्र अंबावत से मिलकर बताया कि भारतीय स्टेट बैंक शाखा ककरौली में हुए एक करोड़ 16 लाख रुपयों की घपलेबाजी की जांच करने के बाद तथ्य के आधार पर प्रकाश में आए शाखा प्रबंधक चंद्रमोहन शर्मा पुत्र विश्वनाथ शर्मा, निवासी 72/107, अग्रसेन विहार जानसठ रोड मुजफ्फरनगर, उपप्रबंधक राकेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश शर्मा, निवासी ओम कुंज, 339 ए अग्रसेन कॉलोनी कृष्णा नगर शामली, कैशियर/ असिस्टेंट वीर बहादुर सिंह पुत्र सुखराम सिंह निवासी रतनपुर खुर्द, जिला बिजनौर व रविंद्र कुमार पुत्र रामपल सिंह दयाल, गांव मिहारा अलीपुर नहटौर जिला बिजनौर और बैंक कैंटीन ब्वॉय ककरौली निवासी मनोज कुमार पुत्र पद्म सिंह के साथ मिलकर बैंक खाता धारकों के खातों से फर्जीवाड़ा कर करोड़ों रुपयों की घपलेबाजी में जांच के बाद ये लोग दोषी पाए गए हैं। अधिकारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश कुमार की ओर से नामजद तहरीर पुलिस अधिकारियों को देकर जांच के दौरान दोषी पाए गए पांचों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा कायम कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
चाय विक्रेता की चालाकी काम न आई
स्टेट बैंक आफ इंडिया शाखा ककरौली जिला मुजफ्फरनगर में बैंक कर्मचारियों व ग्राहकों की जलपान सेवा के लिए बैंक ने मेसर्स राजेंद्र मैनेजमेंट ग्रुप, डब्ल्यू जैड 206,स्ट्रीट नंबर 15, साधनगर पालम नई दिल्ली को अपना सर्विस प्रोवाइडर नियुक्त किया हुआ है, जो अपने अपने व्यक्तियों द्वारा बैंक को सेवा उपलब्ध कराता है। उपरोक्त मेसर्स राजेंद्र मैनेजमेंट ग्रुप ने शाखा ककरौली पर मनोज कुमार पुत्र पद्म सिंह निवासी ककरौली को बतौर कैंटीन ब्वाय उपलब्ध करा रखा है। स्थानीय होने के कारण मनोज ने जनभावना के साथ षड्यंत्र रचकर सबसे पहले कैशियर को अपने साथ मिलाकर करोड़ों रुपयों की लूट खेल खेला, जिसमें उसने सबसे पहले गरीब और अनपढ़ लोगों को शिकार बनाया। अपने साथ बैंक कर्मचारियों को भी शामिल किया।
पीड़ितों की आवाज अधिकारियों तक पहुंची
अमर उजाला टीम ने मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक शाखा पर अधिकारियों और कर्मचारियों के द्वारा करोड़ों के घोटाले को लेकर बेटियों के रिश्ते टूटने, शिक्षा से वंचित होना, पैसे के अभाव में बीमारों का इलाज न होना आदि विषयों की खबरों को प्रमुखता से उठाया था। जिसमें पीड़ितों ने एकजुटता के साथ बैंक घोटाले के आरोपियों के विरुद्ध ककरौली थाने में घपलेबाजी की तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई कराने की बात कही गई थी। जिसके चलते बैंक अधिकारियों में खलबली मच गई थी। आम जनता के दबाव के चलते अधिकारियों ने बुधवार को थाने पहुंच कर जांच के दौरान दोषी पाए पांचों आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा कायम करने की पुलिस अधिकारियों से मांग की।
डिस्ट्रिक कोआपरेटिव बैंक खोले जाने की मांग
ककरौली स्थित भारतीय स्टेट बैंक के फर्जीवाड़े व विश्वासघात से आहत ग्रामीणों ने अब अपना पैसा भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जमा नहीं करने का मन बना लिया है। पूर्व चेयरमैन सतीश कुमार, भाकियू तोमर ब्लाक अध्यक्ष राजकुमार सिंह, रणवीर सिंह, प्रधान बबलू कुमार, जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेंद्र सिंह, कृष्णपाल सिंह, गुड्डू, रविंद्र चौधरी, पूर्व प्रधान बलबीर सिंह, जगत सिंह, कालू हाजी, कामिल प्रधान आदि ग्रामीणों ने डिस्ट्रिक कोआपरेटिव डायरेक्टर व गांव प्रधान प्रकाशवीर बाबू जी से मिलकर अपने गांव की समृद्धि को बनाए रखने के लिए गांव में अन्य बैंक खोले जाने की बात रखी। जिसके चलते गांव प्रधान ने प्रदेश स्तरीय डिस्ट्रिक कोआपरेटिव बैंक मंत्री मुकुट बिहारी को गांव में बैंक की स्थापना करने के लिए प्रार्थना पत्र लिखा है और जिले पर होने वाली डिस्ट्रिक कोआपरेटिव बैंक की बोर्ड मीटिंग में यह मांग जोरशोर से उठाई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/