मां तुझे प्रणाम: ...जो सीने पर गोली खाने को आगे बढ़ जाते थे, कवि सम्मेलन में क्रांतिवीरों की शहादत को किया याद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर उजाला मां तुझे प्रणाम अभिनव अभियान के तहत ऑनलाइन कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। 74वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अमर उजाला काव्य कैफे की ओर से आयोजित कवि सम्मेलन जरा याद करो कुर्बानी में शब्द शिल्पियों ने क्रांतिवीरों की शहादत का मार्मिक चित्रांकन किया।
हास्य के हस्ताक्षर प्रो. अशोक चक्रधर एवं ओज कवि डॉ. हरिओम पंवार ने काव्य पाठ किया। साथ ही अमर उजाला काव्य कैफे की परंपरा का निर्वहन करते हुए तीन युवा कवि राहुल शर्मा, प्रवीण कुमार पांडेय प्रज्ञार्थ एवं डॉ. राहुल अवस्थी ने कविता पढ़ी। कवियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविताएं सुनाकर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को यादगार बना दिया। देश को आजादी दिलाने में अपना सब कुछ न्यौछावर करने वाले क्रांतिकारियों से लेकर कारगिल में शहादत देने वाले वीरों को कविताओं से श्रद्धांजलि दी।
पहली रोटी खाने के बाद...
गाइडलाइन का पालन करते हुए ऑनलाइन काव्य सम्मेलन को देशभर के लोगों ने फेसबुक व यूट्यूब पर सुना और साझा किया। अमर उजाला के सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कवि सम्मेलन का लाइव प्रसारण हुआ। जिसमें श्रोताओं ने ऑनलाइन संदेशों के माध्यम से सराहना की। कवि सम्मेलन के सूत्रधार की जिम्मेदारी संभालते हुए प्रो. अशोक चक्रधर ने हिंदी काव्य साहित्य की महानतम विभूतियों को नमन किया। चंद संस्मरणों को साझा करते हुए उन्होंने सम्मेलन का आगाज किया। उन्होंने कहा कि पहली रोटी खाने के बाद पेट खाली कहां रह जाता है। गंगालाल यही तो मलाल है, इस समय तो बस एक रोटी का सवाल है। खाने की मेज पर जमीन पर बैठे हो या सेज पर सच तो ये है कि टीवी ने उस वक्त बहुत रुलाया जब भी तिरंगे में लिपटा कोई ताबूत आया।
...आजादी के लिए जवानी दे डाली
कवि डॉ. हरिओम पंवार ने कहा कि आज के दिन हम देश की आजादी के लिए जिन्होंने प्राण न्यौछावर किए उनको याद किए बिना जश्न नहीं मना सकते। कोरोना वारियर्स ने भी व्रत लेकर इसमें बड़ा योगदान दिया है। केशव के पांचन्यजय व कारगिल शहीद मेजर मनोज तलवार समेत सभी शहीदों की शहादत को नमन करते हुए उन्होंने कहा किजो सीने पर गोली खाने को आगे बढ़ जाते थे, भारत माता की जय कहकर फांसी पर चढ़ जाते थे, जिन बेटों ने आजादी के लिए जवानी दे डाली, आजादी के हवन कुंड के लिए कहानी दे डाली, दूर गगन के तारे उनके नाम दिखाई देते हैं, उनके स्मारक भी चारों धाम दिखाई देते हैं। वे देवों की लोकसभा के अंग बने बैठे होंगे। वे सतरंगी इंद्रधनुष के रंग बने बैठे होंगे, उन बेटों की याद भुलाने की नादानी मत करना, इंद्रधनुष के रंग चुराने की नादानी मत करना।
...एक खींची हुई काल की लकीरों को प्रणाम
युवा कवि डॉ. राहुल अवस्थी ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता सुनाकर सभी को जोश से भर दिया। उन्होंने सुनाया कि मां को है प्रणाम, है प्रणाम मां की माटी को, माटी पे लिखित तदबीरों को प्रणाम है, देश की स्वतंत्रता के शानदार पृष्ठों पर, एक खींची हुई काल की लकीरों को प्रणाम है। पीरों के समानवाद मन में विराजमान ऐसी तकदीरों वाली पीरों को प्रणाम है। क्रांति की भवानी पे निसार दी जवानी, ऐसे स्वाभिमानी बलिदानों वीरों को प्रणाम है।
मैं तुझे हिंदुस्तान कहूं या कि अपनी पहचान कहूं...
कवि प्रवीण कुमार पांडेय प्रज्ञार्थ ने माटी वंदन गीत सुनाते हुए कहा कि एक जोगी खड़ताल उठाकर अपने स्वर में गाए, अपनी माटी के वंदन में गीत अनोखा गाए, गाए बस गाता जाए, फिर-फिर मुड़कर यह गाए। मैं तुझे हिंदुस्तान कहूं या कि अपनी पहचान कहूं, मैं तुझे हिंदुस्तान कहूं या कि अपनी पहचान कहूं। समर्पण है परवाने का, भंवर की प्रीत निराली है, हार है जहां बहुत प्यारी, हार की जीत निराली है। दूसरे के दुख में रोना जहां की रीत निराली है।
बात सुनाऊं मैं तुमको आजादी के मतवालों की
कवि राहुल शर्मा अक्षत ने कविता का आगाज राजनीति पर कटाक्ष से किया। अक्षत ने कहा कि संविधान की करें जो मर्यादा छिन्न भिन्न, उन्हें अपना ही संविधान कैसे सौंप दें, इंच-इंच बेच खाई देश की जिन्होंने, कहो उन्हें ये वसुंधरा महान कैसे सौंप दें। सत्ता हेतु चोर गठबंधन बना ही लेते, उन्हें इस देश की कमान कैसे सौंप दें। जिनकी रगों में खून है देशद्रोहियों का उन्हें ये समूचा हिंदुस्तान कैसे सौंप दें। क्रांतिकारी शहीदे आजम भगत सिंह और दूसरे क्रांतिकारियों पर पंक्ति पढ़कर उन्होंने हर किसी को भाव विभोर कर दिया। बात सुनाऊं मैं तुमको आजादी के मतवालों की, देख हौसले जिनके छाती फट जाती थी तो कालों की।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/