लोकसभा चुनाव 2024: भाजपा और सपा में घमासान,धीमी होती गई हाथी की चाल, त्यागी और ठाकुरों में हुआ बंटवारा
मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र की किठौर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा, सपा के बीच घमासान दिखा।
विस्तार
मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र की किठौर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा, सपा के बीच घमासान दिखा। सुबह के समय बसपा का हाथी दलित और त्यागी समाज ने खूब दौड़ाया। दोपहर बाद हाथी की चाल मंद होती चली गई।
भाजपा के वोट बैंक माने जाने वाले त्यागी और ठाकुर समाज में बंटवारा देखने को मिला। हालांकि वैश्य, ब्राह्मण, गुर्जर, सैनी, कश्यप, जाट, प्रजापति, सैन, विश्वकर्मा, अहेडी, वाल्मीकि समाज ने खूब फूल खिलाया।
त्यागी समाज के भी काफी मतदाता फूल की ओर रुख करते नजर आए। वहीं, मुस्लिम एकजुट होकर साइकिल की सवारी करते नजर आए। बसपा का कोर वोट बैंक भी कुछ हद तक सपा की साइकिल की ओर झुकता दिखा।
त्यागी बहुल बिजौली, खरखौदा, कैली, पांची, बवनपुरा, अतराडा, कोल, बधोली, माछरा आदि गांवों में कुछ त्यागी बसपा के साथ खड़े दिखे तो वहीं कुछ भाजपा के पक्ष में नजर आए।
ठाकुर बहुल गांव सिसौली, मऊखास, खेड़की, जिठौली, नंगलामल, समयपुर, भगवानपुर चट्टावन, पचगांव अमरसिंह, पंचगांव, दतावली, हसनपुरकदीम, आलमपुर में ठाकुरों की नाराजगी देखने को मिली। नाराज ठाकुरों का मतदान कम रहा। समाज के कुछ लोगों ने सपा के पक्ष में मतदान करके भाजपा से नाराजगी जताई। मऊखास में काफी ब्राह्मण भी साइकिल की सवारी करते दिखे।
कुछ इस तरह हुई वोटिंग
किठौर विधानसभा सीट -61.63
2024
09:00 बजे 14.21%
11:00 बजे 27.63%
01:00 बजे 39.74%
03:00 बजे 49.47%
05:00 बजे 54.20%
06:00 बजे 61.63%
2019 में इस प्रकार था
09:00 बजे 11.00%
11:00 बजे 27.80%
01:00 बजे 39.00%
03:00 बजे 54.00%
05:00 बजे 63.00%
06:00 बजे 67.00%
विकास, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा राम मंदिर के नाम पर डाला वोट
शहर में विकास, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, राम मंदिर के नाम पर कैंट विधानसभा क्षेत्र में मतदान किया गया। मोदी और योगी के नाम पर लोगों ने भाजपा को वोट किया। छावनी में कुछ बूथों पर सपा तो कहीं बसपा मजबूत नजर आई।
मतदान सुबह सात बजे धीमी गति से आरंभ हुआ। सुबह 11:30 बजे तक 25.03 प्रतिशत मतदान हुआ। कंकरखेड़ा तक्षशिला पब्लिक स्कूल, नगर निगम, जटौली, आर्यन्स स्कूल और होली फेथ इंटर कॉलेज में सुबह तेजी से मतदान शुरू हुआ। कंकरखेड़ा के अशोका स्कूल, सेंटपॉल, लार्ड बुद्धा, सेंट माइकल स्कूल पर दलितों ने सपा और बसपा दोनों को ही वोट डाला। अन्य का रुझान भाजपा की तरफ रहा।
दलित मुस्लिम समीकरण पर सपा
कासमपुर और लाला मोहम्मदपुर में वाल्मीकि, ब्राह्मण, वैश्य और ओबीसी मतदाता भाजपा की तरह तो दलित और मुस्लिमों का सपा की तरह रुझान रहा। दायमपुर में दलित समाज का रुझान सपा की तरफ रहा। दोपहर एक बजे तक 37.73 प्रतिशत मतदान हुआ। मोदीपुरम और रुड़की रोड रोड पर 19 मतदान केंद्र रहे।
सदर में हर बूथ पर कमल दिखा मजबूत : सदर के 30 हजार मतदाताओं का रुझान भाजपा की तरफ रहा है। सीएबी स्कूल, सदर दुर्गाबाड़ी, एसएसडी ब्याॅज, छावनी परिषद कार्यालय आदि बूथों पर भाजपा के तो कुछ जगह सपा के बस्ते रहे। गंगानगर में कमल खिलता नजर आया।
मेरठ कैंट विधानसभा- 55.57 प्रतिशत हुआ मतदान
कुछ इस तरह पड़े वोट
09:00 बजे 12.44%
11:00 बजे 25.03%
01:00 बजे 37.34%
03:00 बजे 45.83%
05:00 बजे 53.52%
06:00 बजे 55.57%
2019 में इस प्रकार था
09:00 बजे 10.00%
11:00 बजे 24.00%
01:00 बजे 40.92%
03:00 बजे 48.00%
05:00 बजे 56.80%
06:00 बजे 62.80%
मेरठ दक्षिण विधानसभा- 57.30- प्रतिशत हुआ मतदान
मेरठ-हापुड़ लोकसभा के अंतर्गत जिले की सबसे अधिक आबादी वाली सीट मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट पर मतदाताओं का जोश सुबह से उफान पर था, लेकिन दोपहर बाद से मतदान कम होता चला गया। भाजपा और सपा में सीधी टक्कर रही।
शास्त्रीनगर, जागृति विहार, लोहियानगर, माधवपुरम, सोमदत्त विहार में मतदान धीमी गति से शुरू होकर शाम तक तेज हुआ। कमल के प्रति लोगों में खासा रुझान रहा। रिठानी, परतापुर, गगोल, जाहिदपुर, बजौट, भूड़बराल, छज्जूपुर, मोहिउद्दीनपुर आदि ग्रामीण इलाकों में सुबह से 11 बजे तक वोटिंग अधिक हुई।
साइकिल की ओर भी काफी वोट जाते दिखे। बसपा प्रत्याशी भी परंपरागत वोट बैंक के साथ ही अन्य मतों में सेंध लगाते दिखे। नूरनगर, कालियागढ़ी, जयभीमनगर आदि दलित बहुल इलाकों में मतदाताओं में जबरदस्त रुझान रहा। सुबह से ही लोग परिवार के बुजुर्ग लोगों को भी सहारे से मतदान के लिए लेकर आए।
विस्तृत क्षेत्रफल और सबसे ज्यादा मतदाताओं वाली इस सीट पर सियासी लोग भी नफे-नुकसान का गणित बिठाते रहे। तीनों ही दलों के बस्ते अधिकांश क्षेत्रों में लगे दिखाई दिए। भाजपा-सपा में जहां सीधा मुकाबला कई क्षेत्रों में दिखा तो वहीं बसपा भी कुछ क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए थी। अभी मेरठ दक्षिण से अभी सोमेंद्र तोमर विधायक हैं। 2022 में भी बीजेपी के सोमेंद्र को एक लाख 29 हजार 667 वोट मिले।
कुछ इस तरह पड़े वोट
09:00 बजे 12.92%
11:00 बजे 26.24%
01:00 बजे 38.20%
03:00 बजे 46.40%
05:00 बजे 55.15%
06:00 बजे 57.30%
2019 में इस प्रकार था
09:00 बजे 12.00%
11:00 बजे 26.00%
01:00 बजे 35.00%
03:00 बजे 51.00%
05:00 बजे 60.00%
06:00 बजे 61.00%