मिशन 2019: पश्चिम की नब्ज टटोलने मेरठ आएंगे संघ प्रमुख, कार्यकर्ताओं के साथ होगा गहन मंथन
लोकसभा चुनाव में इस बार भाजपा की पहले जैसी लहर नजर नहीं आ रही है। ऊपर से उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा और रालोद के गठबंधन ने रही सही कसर पूरी कर दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश जो कि भाजपा का गढ़ माना जाता है, वहां भी इस बार स्थिति सामान्य नहीं है। ऐसे में सभी का फोकस पश्चिमी क्षेत्र पर है। पश्चिमी क्षेत्र के चुनाव को साधने के लिए संघ प्रमुख डॉ. मोहनराव भागवत दो दिन गाजियाबाद में मंथन करेंगे।
डॉ. मोहनराव भागवत 8 फरवरी को गाजियाबाद आ रहे हैं और 10 फरवरी की सुबह तक वहां रहेंगे। सूत्रों के अनुसार इस दौरान वह भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश के नेताओं सहित पश्चिम के कद्दावर नेताओं से चुनाव को लेकर मंथन करेंगे। उनका गाजियाबाद प्रवास पश्चिम की चुनाव रणनीति के लिए अहम माना जा रहा है। हालांकि संघ परिवार डॉ. मोहनराव भागवत के आगमन को संघ के कार्यक्रमों से ही जोड़कर बता रहा है, लेकिन कहानी कुछ और ही है।
सूत्रों के अनुसार इस दौरान वह पश्चिमी क्षेत्र के चुनावी गणित और रणनीति पर मंथन करने के बाद 10 फरवरी को ही मेरठ आकर संघ नेताओं से विचार विमर्श करेंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/