महिला दरोगा व सिपाही से हाथापाई, नाखूनों से नोचा, दांतों से काटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में पुलिस टीम दो बदमाशों को रिमांड पर लेकर एक बदमाश के घर पर लूट की रकम बरामद करने पहुंची। घर के अंदर मौजूद महिलाएं महिला दारोगा व महिला सिपाही पर टूट पड़ी। महिलाओं ने दरोगा व सिपाही से हाथापाई की। महिलाओं ने दरोगा को नाखूनों से नोच डाला और महिला सिपाही को दांतों से काटकर घायल कर दिया। हमले की सूचना से कोतवाली में मौजूद पुलिस में हडकंप मच गया। कोतवाली से भी पुलिस बल बदमाश के घर की ओर दौड़ पड़ा। पुलिस ने हमला करने के आरोप में दो लड़कियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों बदमाशों की निशानदेही पर इनके मकानों के अंदर से लूट की हजारों रुपयों की नगदी बरामद की है। पुलिस ने कोर्ट से बदमाशों को 6 घंटे के रिमांड पर लिया था।
गांव चंदपुरी निवासी गुड़ व्यापारी धर्मवीर उर्फ मल्लू से 19 फरवरी को दिनदहाड़े पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने जसौला मार्ग पर तमंचों के बल पर 5 लाख 4 हजार रुपये की नगदी लूट ली थी। पुलिस ने कुछ दिन बाद लूट की घटना का खुलासा करते हुए 1.20 लाख रुपये की नगदी बरामद कर दो बदमाशों गांव गालिबपुर निवासी तालिब व गांव मोहददीनपुर निवासी अरशद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस लूट की घटना में प्रकाश में आए मोहल्ला नई आबादी निवासी बदमाश तौसीफ उर्फ तुल्ला पुत्र हनीफ व ताबिश पुत्र नईम कुरैशी ने 4 मार्च को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। रविवार को पुलिस ने इन दोनों बदमाशों को कोर्ट से 6 घंटे के लिए रिमांड पर लिया। एसआई आदेश त्यागी पुलिस टीम के साथ बदमाश तौसीफ उर्फ तुल्ला को लेकर मोहल्ला नई आबादी में उसके घर लूट की रकम बरामद करने पहुंचे।
महिलाओं की पुलिस के साथ नोंकझोक हुई
पुलिस टीम बदमाश की निशानेही पर घर के अंदर लूट की रकम बरामद करने लगी। जिसका घर के अंदर बदमाश के परिवार की महिलाओं ने विरोध किया। महिलाओं की पुलिस के साथ नोंकझोक हुई। पुलिस टीम में शामिल दरोगा ममता व महिला सिपाही अनु चौधरी पर महिलाएं टूट पड़ी। महिलाओं ने हाथापाई करते हुए दरोगा ममता को नाखूनों से नोंच डाला और सिपाही अनु चौधरी के हाथ में दांतों से काट डाला। जिससे दरोगा व सिपाही घायल हो गई। हमले की सूचना से कोतवाली में मौजूद पुलिस में हडक़ंप मच गया। कोतवाली से दो तीन दरोगा कई पुलिसकर्मियों को जीप में बैठाकर मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। पुलिस ने हमला करने वाली दो लड़कियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बदमाश तौसीफ की निशानदेही पर उसके घर से 11 हजार 300 रुपये की नगदी व दूसरे बदमाश ताबिश की निशानदेही पर उसके घर से 18 हजार 700 रुपये की नगदी बरामद की। पुलिस ने घायल दरोगा व सिपाही का अस्पताल में उपचार कराया। पुलिस टीम पर हमले का अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उधर, पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में हिरासत में ली गई दो लड़कियों छुड़ाने के लिए लोग कोतवाली में जमा थे।