यूपी: इज्तमा में शरीक होने वाले जमातियों को ट्रेनों में नहीं मिली जगह, सिटी स्टेशन पर हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बुलंदशहर में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तिमा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को इज्तिमे के दौरान मेरठ में सिटी स्टेशन पर दिन भर भीड़ उमड़ती रही वहीं भारी संख्या में जुटी भीड़ रेल अधिकारियों को भारी पड़ गई।
खुर्जा एक्सप्रेस, नौचंदी व संगम एक्सप्रेस में लोगों को ट्रेन में जगह को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा। इज्तिमा में जाने वाले लोगों ने जमकर हंगामा किया, तो स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने खुर्जा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त कोच लगाये। लेकिन जिसके बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं आई।
उधर शनिवार को भी देवबंद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर से भारी संख्या में लोग बुलंदशहर जाने को मेरठ सिटी स्टेशन पर एकत्रित हो गए। हजारों लोगों की संख्या स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण ट्रेन की व्यवस्था पटरी से उतर गई। बुलंदशहर इज्तिमे मे जाने को लोग शनिवार रात को संगम व नौचंदी के एसी कोच में घुस गए। जिससे एसी कोच में सफर कर रहे यात्रियों ने हंगामा कर दिया।
मामला बढ़ते देख जीआरपी पुलिस और एसपी सिटी ने टीम के साथ मोर्चा संभाला। एसी कोच से लोगों को बाहर निकाला गया। भीड़ का गुस्सा देखते हुए स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने उच्चाधिकारियों से वार्ता की। जिसके बाद रात 11:30 बजे जाने वाली खुर्जा एक्सप्रेस में दो कोच बढ़ाये गये, जो देर रात 12:30 पर मेरठ से रवाना हुई।
इस व्यवस्था के बाद भी देर रात तक स्टेशन पर भीड़ बढ़ती गयी। रेलवे और पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि तीन दिसंबर तक आयोजित होने वाले इज्तिमा को लेकर भीड़ रविवार को भी जुटी रही। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के पसीने छूट गए।
15 सौ टिकटों की हुई अतिरिक्त बिक्री
स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया भीड़ को देखते हुए रेलवे को फायदा हुआ है। शनिवार को रात 12 बजे तक अन्य दिनों के मुकाबले 15 सौ टिकट अधिक बिके हैं। लेकिन बढ़ती भीड़ को लेकर आने वाले दो दिनों में ट्रेन की विशेष व्यवस्था करनी पड़ेगी। जिसको लेकर उच्च अधिकारियों से बात की जा रही है। सहारनपुर सहित अन्य जिलों के लोगों को सड़क के रास्ते से भी जाने की सलाह दी जायेगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/