ITMS : पहले दिन 74 चालान, आठ चौराहों पर तकनीकी खराब के कारण शुरू नहीं हुआ सिस्टम
आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) शुरू कर दिया गया है। सिस्टम से लैस गांधी आश्रम चौराहे पर पहले दिन 74 वाहनों के ऑनलाइन चालान किए गए।
विस्तार
शनिवार को फिर से शुरू हुए आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) वाले गांधी आश्रम चौराहे पर 74 वाहनों के ऑनलाइन चालान किए गए। इसमें अधिकांश चालान जेबरा क्रासिंग के है। हालांकि आठ चौराहों पर तकनीकी खराब के चलते आईटीएमएस शुरू नहीं हो सका। रविवार को अवकाश रहेगा और सोमवार से सभी 9 आईटीएमएस के चौराहों पर ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया चालू होने का कंपनी दावा कर रही है।
राज्य स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत 29.59 करोड़ की लागत से लागू किया गया आईटीएमएस पिछले 105 दिन तक बंद रहा। काफी जद्दोजहद के बाद शुक्रवार को आईटीएमएस चालू हुआ है। शनिवार को आईटीएमएस के नौ में से सिर्फ एक ही चौराहे गांधी आश्रम पर ट्रैफिक महिला पुलिस ऑनलाइन चालान कर सकी।
गांधी आश्रम चौराहे पर भी दो साइड से यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले 74 वाहनों का चालान हो सका। जबकि दो साइड पर तकनीकी खराबी के चलते चालान नहीं हुआ। आईटीएमएस लगाने वाले कंपनी के कर्मचारियों ने कहा कि अभी चौराहों पर काम चल रहा है। रविवार को आईटीएमएस कार्यालय बंद रहेगा और चौराहों पर कंपनी के कर्मचारी दिनभर काम करेंगे। सोमवार से आईटीएमएस वाले सभी नौ चौराहों पर ऑनलाइन चालान शुरू कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: इटायरा में 210 बीघा जमीन पर 62 करोड़ से बनेगा औद्योगिक क्षेत्र, 7500 लोगों को मिलेगा रोजगार
सुबह 10 बजे पहुंची ट्रैफिक पुलिस
नगर निगम स्थित दूसरी मंजिल पर बने आईटीएमएस कार्यालय में शनिवार सुबह 10 बजे ट्रैफिक विभाग की दो महिला कांस्टेबल पहुंच गई। ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया शुरू हुई तो नौ चौराहों में से एक चौराहे पर चालान हो सके। आईटीएमएस कंपनी प्रभारी नौशाद का कहना है कि अभी तकनीकी का कुछ काम बचा है, जिसको रविवार पूरा कर लेंगे।
तीन जगह वाईफाई की सुविधा
आईटीएमएस लगाने वाले कंपनी ने शहर में तीन जगह बच्चा पार्क, तेजगढ़ी और कमिश्नर आवास चौराहे पर वाईफाई की सुविधा मुहैया कराई है। बताया गया है कि शहर में वाईफाई की सुविधा देने का भी नगर निगम ने कंपनी से अनुबंध किया था। वाईफाई से जुड़ने के लिए मोबाइल पर वन-टाइम ओटीपी आएगा। जिसको दर्ज करते ही मोबाइल वाईफाई से जुड़ जाएगा। वाईफाई का कोई पैसा नहीं कटेगा। यह सुविधा नगर निगम द्वारा आम जनता को देने की बात कहीं गई है।
गृह मंत्रालय से भी जुडे़गा सिस्टम
इस सिस्टम के जरिये शहर के चौराहे पार्क, बाजार और मुख्य मार्ग प्रदेश के गृह मंत्रालय के सर्विलांस से जोड़ने की प्लानिंग है। इसके लिए 360 डिग्री पर घूमने वाले पेन टिल्ट जूम कैमरे लगाए हैं। मुख्य अधिशासी अभियंता अमित कुमार शर्मा ने बताया कि कमिश्नर आवास चौराहा, जेलचुंगी, तेजगढ़ी चौराहा, डिग्गी तिराहा, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर तिराहा, गांधी आश्रम चौराहा, हापुड़ अड्डा चौराहा और बच्चा पार्क चौराहा पर पेन टिल्ट जूम और बुलट कैमरे लगाकर गृह मंत्रालय के सर्विलांस से जोड़ने का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके उपरांत शहर के पार्क, बाजार, मुख्य मार्गों पर कैमरे लगाए जाएंगे।