इस्राइल-ईरान युद्ध असर: ऑनलाइन बुकिंग ठप होने से मेरठ में गैस एजेंसियों पर भीड़, सिलिंडर के लिए लगी लंबी लाइन
मेरठ में ऑनलाइन गैस बुकिंग न होने से गैस एजेंसियों और सप्लाई पॉइंट पर लोगों की भीड़ लग रही है। प्रशासन का कहना है कि जिले में एलपीजी और पेट्रोल डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है।
विस्तार
मेरठ में ऑनलाइन बुकिंग न होने से गैस एजेंसियों पर भीड़ लग रही है। शहरी क्षेत्र में बुकिंग का अंतराल 25 दिन होने से और भी दिक्कत बढ़ गई है। ऑफलाइन गैस बुकिंग के लिए लोग गैस सप्लाई पॉइंट पर लाइन लगा रहे हैं। इंडियन ऑयल कंपनी ने ऑनलाइन बुकिंग के लिए अपना मोबाइल एप भी लॉन्च कर दिया है। लोगों का कहना है कि बुकिंग के बाद भी गैस मिलने में देरी हो रही है।
मेरठ में लगभग 80 गैस एजेंसियों पर 10 लाख गैस उपभोक्ता हैं। जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद गैस एजेंसियों से भीड़ नहीं छंट रही। सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने के कारण लोग एजेंसियों पर ऑफलाइन बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं। इस कारण एजेंसियों पर हंगामा भी हो रहा है। ऑफलाइन बुक कराने के लिए बाद लोग सप्लाई पॉइंट पर भी लाइन में लग रहे हैं।
सर्वर डाउन होने से हो रही दिक्कत
एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में अभी घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। गैस की सप्लाई निरंतर हो रही है। बुकिंग के नए नियम लागू होने से लोग एजेंसियों पर आ रहे हैं। सर्वर डाउन होने से भी पहले बुक हुए सिलिंडर पहुंचने में समस्या आ रही है। इसलिए ऑफलाइन गैस बुकिंग की जा रही है।
इधर, गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि प्रत्येक उपभोक्ता को सालाना 15 सिलिंडर का कोटा मिलता है। इसके पूरा होने के बाद अगले वित्तीय वर्ष में ही गैस बुक होती थी। पहले अपने कोटे को लोग कितने भी समय में सिलिंडर ले सकते थे। अब बुकिंग अंतराल का समय तय होने से नए नियमों के अनुसार ही गैस दी जा रही है।
हॉकर से ही सिलिंडर ले रहे थे लोग
जिन लोगों के गैस कनेक्शन लंबे समय से ई-केवाईसी नहीं होने से बंद हैं, उन लोगों की भीड़ एजेंसियों पर अधिक आ रही है। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वे लंबे समय से गैस सप्लाई करने वाले हॉकर से ही सिलिंडर ले रहे थे।
ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर रहे थे। इस कारण ही उन्हें अब दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मेरठ गैस डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नमो जैन का कहना है कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस सप्लाई की जा रही है। जिले की सभी गैस एजेंसियों पर स्थिति काबू में आ रही है।
जिला प्रशासन का दावा, गैस व पेट्रोल-डीजल की है पर्याप्त उपलब्धता
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने शुक्रवार को बताया कि जिले में एलपीजी एवं पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। स्थायी रूप से घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। ओटीपी के जरिए रिफिल डिलीवरी की व्यवस्था करें। किसी भी स्तर पर भ्रम फैलाने एवं अफवाहों को रोकने के लिए पुलिस कड़ी नजर रखे।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: बरसों से खराब पड़ी थी सड़क, CM के आगमन से पहले रातों-रात हुई तैयार, विकास देख चौंके ग्रामीण
डीएम ने कहा कि पुलिस गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस वितरण की सुचारू व्यवस्था कराए और कानून व्यवस्था बनाए रखें। एलपीजी परिवहन में लगे वाहनों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। गैस सिलिंडरों के परिवहन में लगे वाहनों को जनपद में पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए कदम उठाए जाएं। डीएम ने गैस वितरण से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए खाद्य तथा रसद विभाग जिला पूर्ति कार्यालय मेरठ में कंट्रोल रूम का गठन किया है। इसके लिए टेलीफोन नंबर 0121-2665277 24 घंटे संचालित रहेगा।
जिलापूर्ति विभाग ने चेताया
जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी औद्योगिक व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने औद्योगिक परिक्षेत्र में एलपीजी ईंधन के रूप में घरेलू एलपीजी श्रेणी के सिलिंडरों का किसी भी प्रकार से उपयोग न करें। गैस सिलिंडर का दुरुपयोग पाए जाने पर एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर-2000 और बीएनएस की धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घरेलू गैस का दुरुपयोग न करने की अपील
जिलापूर्ति विभाग ने किसी भी औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान से घरेलू एलपीजी सिलिंडरों का दुरुपयोग नहीं करने की अपील की है। पूर्ति अधिकारियों ने कहा कि घरेलू इंडेन एलपीजी ग्राहकों से अनुरोध है कि वे त्वरित बुकिंग, भुगतान और अपने एलपीजी इंडेन खाते के प्रबंधन के लिए इंडियन ऑयल वन ऐप का उपयोग करें। ग्राहक घबराएं नहीं और जल्दबाजी में बुकिंग न करें।
जिले में पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध है और यदि उनके घर में सिलिंडर में पर्याप्त एलपीजी बची है, तो उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। वे इंडियन ऑयल वन ऐप के माध्यम से एलपीजी सिलिंडर बुक कर सकते हैं और सिलिंडर उनके घर पर ही डिलीवर किया जाएगा।