IPL 2024: 35 छक्कों ने समीर को बनाया सिक्सर किंग, अब 8 करोड़ 40 लाख लगी कीमत, पिता और कोच को दिया श्रेय
IPL 2024 में आप मेरठ के बेटे समीर रिजवी को चौके और छक्के बरसाते हुए देखेंगे। आईपीएल में समीर को 8 करोड़ 40 लाख में खरीदा गया है। 20 वर्ष के समीर रिजवी पांच वर्ष की उम्र से क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। उनकी कामयाबी पर परिवार में जश्न का माहौल है।
विस्तार
20 साल के समीर रिजवी पांच साल की उम्र से क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। पिछले दिनों यूपी लीग में 35 छक्के लगाए तो उन्हें सिक्सर किंग कहने लगे। ऑस्ट्रेलियाई स्टार क्रिकेटर डेविड वार्नर ने भी एक्स पर उन्हें बधाई दी है। मूल रूप से लोईया गांव के रहने वाले पिता हसीन ने समीर गांधीबाग में कोचिंग के लिए भेजा था।
गांधीबाग में समीर के मामा तनकीब अख्तर कोचिंग कराते हैं। उन्होंने समीर को क्रिकेट का क, ख, ग सिखाया। बाद में बेटे की वजह से परिवार मेरठ ही शिफ्ट हो गया। फिलहाल यहां लालकुर्ती में रहता है।
समीर ने अंडर 14, 16, 19 खेला है। वर्ल्ड कप अंडर 19 टीम के लिए मुंबई में लगे कैम्प में भी उनका सलेक्शन हुआ था। इसके बाद वह रणजी ट्रॉफी खेलते आ रहे हैं। हाल ही में यूपी लीग में उन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। कानपुर की ओर से खेलते हुए उन्होंने 10 मैच में 455 रन बनाए, जिसमें 2 शतक थे। इस दौरान 35 छक्के लगाए थे। इसके बाद से उन पर सबकी नजर थीं।
इस बार आईपीएल में उनके सलेक्शन की सभी की उम्मीद थी। इसके बाद उन्होंने सय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। स्टेट अंडर 23 ए ट्रॉफी का फाइनल भी उन्होंने जिताया। फाइनल मैच में उन्होंने 85 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने इसी शृंखला में दो शतक भी जड़े थे। समीर को उनकी इसी मेहनत का फल मिला है।
पिता और कोच को दिया श्रेय, बोले-धोनी का साथ मिलेगा
समीर ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने पिता हसीन और मामा व कोच तनकीब अख्तर को दिया। तनकीब ने हमेशा उन पर भरोसा बनाए रखा।
इसके लिए समीर ने उन्हें शुक्रिया कहा। समीर ने कहा कि आईपीएल में सलेक्शन के बाद उन्हें सभी बड़े खिलाडियों के साथ रहने का मौका मिलेगा। उनसे क्रिकेट की बारीकियां सीखने को मिलेंगी। वहीं एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड वार्नर द्वारा उन्हें बधाई देने पर समीर ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़कर उन्हें खुशी है। उन्हें महेंद्र सिंह धोनी का साथ मिलेगा जो उनके भविष्य के लिए और बेहतर होगा।
आईपीएल में चुने गए समीर रिजवी वेस्टइंडीज में साल 2020 में अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्डकप में बतौर कप्तान टीम में शामिल हो सकते थे, लेकिन बीसीसीआई के नए नियमों ने यह सपना तोड़ दिया था। तब वह घरेलू क्रिकेट में अंडर-19 के कप्तान थे, लेकिन नए नियम ने उन्हें इस प्रारूप से ही बाहर कर दिया था।
वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अंडर-19 के कप्तान बनने से चूक गए थे। हुआ यह था कि कोरोना से पहले दो साल के बाद बने जन्म प्रमाण पत्र वाला खिलाड़ी अंडर-19 वर्ग में चार साल तक खेल सकता था, लेकिन नए नियम से जन्म के दो साल बाद बने जन्म प्रमाण पत्र वाले खिलाड़ी को अंडर-19 वर्ग में दो साल ही मौका मिलता है। इस कारण वह नहीं खेल पाए थे। इसका उन्हें, परिजनों और कोच को अफसोस था। लेकिन उम्मीद नहीं छोड़ी। वह बेहतरीन क्रिकेट खेलते रहे और इसी मेहनत से बलबूते अब वह आईपीएल का हिस्सा बन गए हैं।
समीर के लिए लगीं 59 बोलियां
समीर के लिए 59 बोलियां लगीं। चेन्नई ने पहली बोली लगाई और गुजरात टाइटंस और चेन्नई के बीच बोली लगती रहीं। बीच में देहली कैपिटल ने भी एक बोली लगाई। समीर ने बताया कि पूर्व क्रिकेटर सुरैश रैना उन्हें 2011 में मेरठ में रणजी ट्रॉफी में मिले थे। रैना ने महंगा चश्मा दिया था। उन्होंने काफी सहयोग भी किया। समीर का कहना है कि उनके आइडल धोनी हैं।
समीर रिजवी का रिकॉर्ड
सूरत में आयोजित प्रतियोगिता में 8 मैचों में 336 रन, एक शतक, 2 अर्द्धशतक।
कूच विहार ट्रॉफी अंडर-19 वर्ग में 8 मैचों में 600 रन, 2 शतक, 4 अर्द्धशतक।
अंडर-16 में विजय मर्चेंट ट्रॉफी में 5 मैचों में 600 रन, 3 शतक।
सीना गांव निवासी शिवम को लखनऊ ने 6.4 करोड़ में खरीदा
मेरठ में मवाना के सीना गांव निवासी शिवम मावी को भी लखनऊ सुपर जॉइंट्स ने 6.4 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनके लखनऊ की टीम में जाने पर मेरठ से नोएडा तक जश्न का माहौल है। शिवम की उम्र जब सात साल थी, तब उनके पिता पंकज मावी सीना गांव छोड़कर नोएडा शिफ्ट हो गए थे। शिवम मावी के लखनऊ में चयन होने पर विक्टोरिया पार्क के कोच संजय रस्तोगी और कोच शाहिद ने भी खुशी जताई है।