उफान पर गंगा: तटबंध टूटकर गांवों में घुसा पानी, दर्जनों पर मंडराया खतरा, जानें- कैसे है हस्तिनापुर के हालात
गंगा के उफान पर आने से दर्जनों गांवों के लोगों पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं लेखपाल नीरज कुमार व ग्राम सचिव सुप्रीत तोमर गांव में डटे हुए हैं।
विस्तार
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण गंगा उफान पर है। इस कारण सिरजेपुर गांव के समीप गंगा का पानी तटबंध तोड़कर बाहर निकल आया है। फतेहपुर प्रेम गांव के समीप भी तटबंध की स्थिति नाजुक बनी हुई है। तटबंध टूटने की खबर से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम अखिलेश यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
उत्तराखंड में लगातार हो रही भीषण बारिश के कारण गंगा पिछले तीन दिनों से उफान पर चल रही है। क्षेत्र के गांव फतेहपुर प्रेम के समीप भीषण कटान से तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया। जिसे जोड़ने की कवायद पिछले तीन दिनों से ग्रामीणों द्वारा की जा रही है। रविवार को गंगा के उफान के कारण खादर क्षेत्र के गंगा किनारे बसे गांव सिरजेपुर के समीप क्षतिग्रस्त होकर तटबंध टूट गया। इससे गंगा का पानी जंगलों की ओर बढ़ने लगा है। तटबंध टूटने की खबर से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग भयभीत हैं।
बिजनौर बैराज पर तैनात अवर अभियंता पीयूष कुमार ने बताया कि रविवार शाम गंगा का जलस्तर एक लाख 58 हजार क्यूसेक पर चल रहा था। वहीं हरिद्वार में गंगा का जलस्तर 71 हजार क्यूसेक रह गया है। दर्जनों गांव के ग्रामीण तटबंध को जोड़ने की कोशिश में लगे हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए लेखपाल नीरज कुमार व ग्राम सचिव सुप्रीत तोमर गांव में डटे हुए हैं।
यह भी पढ़ें: उजड़ गया परिवार: हर तरफ पसरा मातम, घरों में नहीं जले चूल्हे, एक साथ उठे पांच जनाजे तो रो पड़ा पूरा गांव
कई गांवों के जंगलों में पहुंचा पानी
गंगा किनारे बसे गांव सिरजेपुर में पानी भर गया। वहीं दबखेड़ी, शेरपुर नईबस्ती, हंसापुर, परसापुर आदि गांवों के जंगलों में भी पानी पहुंच गया है। समय पर क्षतिग्रस्त तटबंध दुरुस्त नहीं किया गया तो दर्जनों गांव पानी की चपेट में आ सकते हैं।
शेरपुर के पास भी तटबंध की स्थिति खराब
शेरपुर नई बस्ती के समीप कच्चे तटबंध की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जहां पिछले तीन दिनों से गंगा का भीषण कटान जारी है। यहां पर खोवा मुख्तार सिंह भूरी वालों के साथ दर्जनों ग्रामीण और ग्राम प्रधान तटबंध को जोड़ने में जुटे हुए हैं।
जलस्तर कम होने पर दुरुस्त किया जाएगा तटबंध
एसडीएम मवाना अखिलेश यादव का कहना है कि सिरजेपुर गांव के समीप तटबंध के ऊपर से पानी निकलने से तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है। पानी बाहर आ रहा है। जलस्तर कम होते ही तटबंध की मरम्मत उएका कार्य शुरू किया जाएगा। हरिद्वार भीमगोड़ा बैराज से गंगा के जलस्तर में भारी गिरावट दर्ज की गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।