इश्क बना गुनाह : मेरठ-बागपत में पांच की गई जान, बहन के प्रेमी को बुलाकर गोलियों से भूना, पिता ने बेटी से छीना प्यार
मेरठ के मोहकमपुर फेस-2 स्थित तिरुपति होटल में शुक्रवार आधी रात प्रेमी युगल ने सल्फास खाकर जान दे दी। शनिवार सुबह कमरा नहीं खुला तो दूसरी चाबी से गेट खोला गया। दोनों के शव बेड पर पड़े थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ये पश्चिमी उत्तर प्रदेश की धरती है, यहां प्रेम करना बड़ा गुनाह है। झूठी आन के लिए मेरठ में एक युवक ने बहन के प्रेमी को घर बुलाकर मार डाला। इस घटना से करीब आठ घंटे पहले ही थाना खरखौदा मेरठ में भी एक प्रेमी युगल की हत्या कर दी गई थी। बागपत में पिता ने बेटी और उसके प्रेमी को मार डाला, इसका खुलासा शनिवार को हुआ है। मेरठ में ही एक प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी।
भूसा मंडी में बहन के प्रेमी को बुलाकर मार डाला, प्रेमिका सहित तीन गिरफ्तार
मेरठ के खरखौदा में प्रेमी-युगल की हत्या के आठ घंटे बाद ही मेरठ शहर में दूसरी बड़ी वारदात हो गई है। सदर बाजार क्षेत्र के भूसा मंडी में एक युवक ने बहन के प्रेमी सलीम (22) की शुक्रवार रात में गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से गुस्साएं लोगों ने आरोपियों के घर पर हमले का प्रयास किया। इससे पहले मामला तूल पकड़ता कि सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रेमिका समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
सलीम (22) पुत्र फरीद का मोहल्ले की एक युवती से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी युगल एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। शुक्रवार रात करीब 2:45 बजे युवती ने फोन करके सलीम को अपने घर पर बुला लिया। दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी युवती के भाई मोहसिन की आंख खुल गई। मोहसिन और उसके भाईयों ने दोनों को पकड़ा और दोनों की जमकर पिटाई की।
जानकारी लगने पर लोगों की भीड़ लग गई। सलीम मोहसिन के हाथ से छूटकर भागने लगा। मोहसिन व उसके दोस्तों ने सलीम को दौड़कर पकड़ लिया व फिर उसके सिर पर सटाकर गोली मार दी। मुख्य आरोपी मोहसिन अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। सलीम के भाई बिलाल ने आरोप लगाया है कि मोहसिन ने अपने बहन के नंबर से सलीम को रात में कॉल कराई और उसको अपने घर पर बुला लिया। पूरी योजना बनाकर सलीम को मोहसिन और उसके परिवार ने मारा है।
पिता और भाई ने की युवती और उसके प्रेमी की हत्या, पिता पुत्र गिरफ्तार
बागपत के खेकड़ा में पुलिस ने पिता पुत्र को गिरफ्तार कर खेकड़ा रेलवे स्टेशन के पास मिले छह जून को मिले शामली जनपद के गांव नाला निवासी अमित के शव के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दावा किया कि गांव के ही एक युवती के साथ अमित के प्रेम संबंध थे, जिसके चलते युवती के भाई और पिता ने हत्या की थी। दो सप्ताह पहले उन्होंने युवती की भी हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप दे दिया।
छह जून की सुबह खेकड़ा रेलवे स्टेशन के पास शामली जनपद के गांव नाला निवासी अमित का ट्रेन से कटा शव मिला था। उसके हाथ पांव रस्सी से बंधे हुए थे। मृतक के परिजनों ने ट्योढी गांव स्थित एक ईट भट्टा मालिक और ठेकेदार पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। शनिवार को गांव नाला निवासी रामपाल और उसके पुत्र अंकित को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। अमित ट्योडी गांव स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था।
रामपाल का भी परिवार के साथ वहीं पर मजदूरी करता था। अमित और रामपाल की पुत्री के बीच प्रेम संबंध बन गए थे।19 मई को रामपाल और अंकित ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। इसके बाद अमित की हत्या का षडयंत्र रचा। पिता-पुत्र छह जून को अमित लेकर खेकड़ा की ओर चले। गांव बसी और खेकड़ा के बीच दोनों ने ईंटों से सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद प्लास्टिक की रस्सी से उसके हाथ पैर बांधकर घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे खेकड़ा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर डाल दिया। ट्रेन से उसके पैर कट गए।
होटल में प्रेमी-युगल ने सल्फास खाकर दी जान, दो महीने पहले दूसरे युवक से हुई थी शादी
मेरठ के मोहकमपुर फेस-2 स्थित तिरुपति होटल में शुक्रवार आधी रात प्रेमी युगल ने सल्फास खाकर जान दे दी। शनिवार सुबह कमरा नहीं खुला तो दूसरी चाबी से गेट खोला गया। दोनों के शव बेड पर पड़े थे। टीपीनगर थाने की पुलिस पहुंची। आधार कार्ड से दोनों की पहचान हुई और परिजनों को सूचना दी। पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है।
इसमें युवती ने लिखा है- ‘मेरी मर्जी के बगैर परिजनों ने दूसरे युवक से शादी कर दी थी, जिससे हम दोनों काफी आहत थे, दोनों मर्जी से खुदकुशी कर रहे हैं, परिजनों को परेशान न किया जाए’। मरने वाला युवक रोहन (28) और अर्चना (26) शिवपुरम मोहकमपुर के रहने वाले थे।
रोहन हापुड़ में एक गारमेंट्स के गोदाम में काम करता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और परिजनों ने दो महीने पहले अर्चना की शादी कासगंज में एक युवक से कर दी थी। एक सप्ताह पहले वह मायके आई थी। शुक्रवार को रोहन और अर्चना तिरुपति होटल पहुंचे। यहां कमरा लिया और मैनेजर नवनीत से केक दिलाने की बात कही। दोनों ने खुद को दंपती बताया और बर्थडे मनाने की बात कही थी।
पत्नी की बेवफाई से परेशान युवक ने फांसी लगाई, कुछ साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
मेरठ के टीपीनगर थानाक्षेत्र में शनिवार को स्कूल से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। पत्नी की बेवफाई से परेशान युवक मलियाना शक्तिनगर निवासी मनोज कुमार (23) ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि युवक ने मरने से पहले एक वीडियो भी वायरल की है। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदारी पत्नी और ससुराल वालों को ठहराया है।
मलियाना शक्तिनगर निवासी मनोज कुमार (23) के एक युवती से प्रेम संबंध थे और करीब छह साल पहले दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा।शुक्रवार दोपहर मनोज की पत्नी और ससुरालियों को बिना कुछ बताए कहीं चली गया। रात में वह उसे ढूंढते हुए ससुराल पहुंच गए। अभी वह बात ही कर रहे थे कि मनोज की पत्नी बाहर से वहां आ गई।
पत्नी को देख मनोज को गुस्सा आ गया और उसने उसे थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि उन्होंने ससुराल वालों ने मनोज से हाथापाई कर दी। मनोज व उसका परिवार घर पहुंचे। रात में सब सो गए। उसके बाद मनोज ने फांसी लगाकर जान दे दी। मनोज के पिता सतीश ने आरोप लगाया कि मनोज ने अपनी पत्नी को एक व्यक्ति के साथ पकड़ लिया था। मना करने के बाद भी वह उससे बात करती थी। इसी पर विवाद रहता था।
दुष्कर्म के आरोपी ने अस्थाई जेल में फांसी लगाकर जान दी
बागपत के खेकड़ा थानाक्षेत्र में चांदीनगर के एक गांव के बालिका के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी सुशील ने शुक्रवार रात खेकड़ा स्थित अस्थाई जेल में फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।
थाना चांदीनगर के एक गांव में 30 जून को एक बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया था। बालिका के परिजनों ने गांव के ही युवक सुशील पर आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं के साथ ही पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करते हुए एक जुलाई को सुशील को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
जेलर आकाश शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण की वजह से उसे खेकड़ा स्थित महामना मालवीय डिग्री कॉलेज में बनी अस्थाई जेल में रखा गया था। शुक्रवार की रात सुशील ने बैरक में ही अपने पायजामे से ही फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसे झूठे आरोप में जेल भेजा गया था।