गढ़ मेले का समापन: लौट रहे श्रद्धालुओं की भीड़ से शहर में जाम; रोहटा-हापुड़ रोड पर रही सबसे ज्यादा धीमी रफ्तार
कार्तिक पूर्णिमा पर गढ़ गंगा मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मेरठ में गढ़ रोड, हापुड़ रोड, माल रोड और रोहटा रोड पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने अतिरिक्त बल लगाकर ट्रैफिक को धीरे-धीरे निकलवाया।
विस्तार
मेरठ में कार्तिक पूर्णिमा पर गढ़ गंगा मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहनों के कारण बुधवार शाम शहर में कई जगह जाम की स्थिति बन गई। गढ़, हापुड़, रोहटा और माल रोड पर लंबे समय तक वाहन रेंगते रहे, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गढ़ गंगा मेले में पिछले दस दिनों से श्रद्धालु डेरा डाले हुए थे। मुख्य स्नान के बाद बुधवार से उनका लौटना शुरू हुआ, जिसके चलते गढ़ रोड से लेकर यूनिवर्सिटी रोड, हापुड़ रोड, माल रोड, कंकरखेड़ा और रोहटा रोड तक ट्रैक्टर-ट्रॉली और बुग्गियों का दबाव बढ़ गया।
यह भी पढ़ें: ड्यूटी से लौटते समय हादसा: दो दिन बाद उपनिरीक्षक मिन्तर कुमार का निधन; पुलिस लाइन में दी गई अंतिम विदाई
जाम के कारण कई जगह वाहन चालक और यात्री फंसे रहे। पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक को नियंत्रित करने में लगातार मशक्कत करनी पड़ी।
एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रयास किया गया कि ट्रैफिक सुचारू रहे, वाहनों को धीरे-धीरे निकालकर जाम की स्थिति को नियंत्रित किया गया।