सहारनपुर: गन्नों से लदी ट्रॉली टकराने से गिरी दीवार, चार साल की बच्ची की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार सुबह मिरगपुर गांव की तरफ से एक गन्नों से लदी ट्रैक्टर ट्राली दुगचाड़ी गांव से गुजर रही थी। करीब 11.30 बजे जब वह गांव के अंतिम छोर पर स्थित मिंटू पुत्र सुखबीर के मकान के समीप से गुजरी तो संकरी गली होने के कारण ट्राली दीवार से टकरा गई। जोरदार टक्कर से मिंटू के मकान की करीब पांच फुट ऊंची दीवार भरभराकर गिर पड़ी।
हादसे में मकान के अंदर खेल रहे मिंटू के बच्चे कार्तिक (6), राशि (4), राज (5), चांदनी (9) और मिंटू की पत्नी मीनाक्षी मलबे के नीचे दबकर घायल हो गए। ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़े और मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला गया।
वहीं, घटना के बाद मौके से भागने का प्रयास कर रहे ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। इस दौरान ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
हादसे में घायलों को उपचार के लिए देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से नाजुक हालत के चलते कार्तिक, राशि, राज और मीनाक्षी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां राशि (4) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, हादसे की सूचना से अनुसूचित जाति के लोगों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने मिरगपुर के जंगल की तरफ से आने वाले रास्ते को बंद कर हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद बंद रास्ता खोला गया। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि मिरगपुर निवासी एक व्यक्ति को दीवार गिराने के मामले में हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।