तीन माह में चार हादसे: 30 फीट ऊपर से कार पर गिरा RAPIDX का बीम, घायल सिपाही बोला-बेहद करीब से गुजरी मौत
उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रैपिडएक्स ट्रैक निर्माणधीन साइट पर एक स्लाइडर 30 फीट ऊपर से एक कार पर गिर गया। इसमें एक सिपाही घायल हो गया। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। रैपिड ट्रैक की साइट पर तीन माह के भीतर चार हादसे हो चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में रुड़की रोड पर रविवार को रैपिडएक्स के निर्माण कार्य के दौरान एलजी मशीन का ब्रेक अचानक फेल होने से 30 फीट की उंचाई से स्लाइडर एक कार के ऊपर गिर गया। हादसे में कार सवार सिपाही अमित उपाध्याय गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में पहुंची पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने क्रेन के सहारे कार को बाहर निकाला ओर सिपाही को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अमित अपने परिचित से मिलने मेरठ आाए थे।
फिलहाल घायल सिपाही की हालत सामान्य है। सिपाही का कहना है मौत उन्हें छूकर निकल गई, शुक्र है कि उनकी जान बच गई। हादसे को देखकर हर किसी की सांस अटक गईं। अगर एक सेकेंड का भी अंतर होता तो सिपाही की जान जा सकती थी।
एनसीआरटीसी की लापरवाही से मोदीपुरम में हादसा
सुबह लॉन्चिंग गैंट्री का एक साइड बीम नीचे से गिर गया था। यह पार्ट एक कार के पिछले हिस्से पर गिरा। इससे कार सवार सिपाही घायल हुआ। सिपाही को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिपाही की हालत सामान्य है। - पुनीत वत्स, एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी
रैपिडएक्स: तीन महीने में हो गए चार हादसे
रैपिडएक्स के काम में तेजी के साथ हादसे भी बढ़ते जा रहे हैं। रुड़की रोड पर रविवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान एलजी मशीन का अचानक ब्रेक फेल होने से स्लाइडर मेरठ की तरफ से आ रही कार के ऊपर गिर गया। हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही अमित घायल हो गया।
जुलाई में शॉप्रिक्स मॉल के पास हादसा हुआ था। इसमें रात करीब दो बजे स्लैब गिरने से सात मजदूर घायल हो गए थे। वहीं परतापुर के भूड़बराल में भी निर्माण कार्य के दौरान एकाएक स्लैब गिर गया था जिसमें चार मजदूर घायल हो गए थे।
अभी चंद रोज पहले ही मोदीपुरम में स्लैब के लिए बनाया जा रहा कंकरीट का मसाला गिर गया था, यहां से कोई हताहत नहीं हुआ था। इन सभी मामलों में रैपिडएक्स के अफसर जांच की बात करते रहे।
इन सभी मामलों में क्या जांच हुई, कौन दोषी निकला, किस पर क्या कार्रवाई की गई इनका जवाब देना तो दूर जांच को भी सार्वजनिक नहीं किया गया। उधर, रैपिडेक्स के निर्माण में तेजी के मद्देनजर दिल्ली रोड पिछले महीने भर से रात 12 बजे से सुबह 5 बजे वन-वे कर दी गई है। इसके बाद भी हादसे हो रहे है।