हस्तिनापुर में बाढ़ राहत मॉक ड्रिल: गंगा में डूबते लोगों को बचाने का रिहर्सल, ग्रामीणों में जागरूकता फैलाई
स्तिनापुर के मनोहरपुर गंगा घाट पर जिला प्रशासन ने SDRF के साथ बाढ़ राहत कार्यों के लिए मॉक ड्रिल की। गंगा में डूबते लोगों को बचाने और स्वास्थ्य उपचार के लिए विभागीय मॉडल प्रस्तुत किए गए।
विस्तार
मेरठ से सटे हस्तिनापुर में मनोहरपुर गंगा घाट पर बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने बाढ़ राहत कार्यों को लेकर मॉक ड्रिल की। यह अभ्यास शासन के निर्देश पर किया गया, जिसमें आपदा प्रबंधन की तैयारियों का परीक्षण किया गया।
ड्रिल का नेतृत्व एडीएम वित्त एवं राजस्व सूर्यकांत त्रिपाठी ने किया। इस दौरान एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा, एसडीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया, स्वास्थ्य विभाग, विकास विभाग और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: Bijnor: कर्ज में डूबे परिवार ने खाया जहर, मां-बेटी की मौत, पिता और बेटी की हालत नाजुक
एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में डूबते लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गंगा से निकाले गए लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिए जाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि शुरू हो चुकी है, हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य है।एडीएम सूर्यकांत त्रिपाठी ने कहा कि खादर क्षेत्र में बाढ़ जैसी संभावित स्थिति से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मॉक ड्रिल का उद्देश्य ग्रामीणों को जागरूक करना और विभागीय तालमेल को परखना है।
यह भी पढ़ें: Bijnor: कर्ज में डूबे परिवार ने खाया जहर, मां-बेटी की मौत, पिता और बेटी की हालत नाजुक
ड्रिल के दौरान गंगा घाट पर बाढ़ चौकी, सीएचसी राहत केंद्र और अन्य विभागों के अस्थायी टेंट लगाए गए। सभी जगहों पर संबंधित अधिकारी तैनात रहे।
मॉक ड्रिल के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी गंगा घाट पर पहुंचे और रेस्क्यू की प्रक्रिया को देखा। पुलिस बल की ओर से भी व्यापक प्रबंध किए गए थे, जिनका नेतृत्व एसपी देहात ने किया।
एसपी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क और तैयार है।