शिविर में विवाद, संघर्ष में एक दर्जन घायल
सरूरपुर। रोहटा क्षेत्र के गांव पूठखास में कांवड़ सेवा शिविर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पंचायत के बाद दो पक्षों में संघर्ष हो गया। जिसमें दर्जनभर लोग घायल हो गए। जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ नामजद करते हुए एक दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों में विवाद के बाद समझौते को लेकर पंचायत हुई, लेकिन सहमति नहीं बनी। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच में संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच में लाठी डंडों चले जिसमें दर्जनभर लोग घायल हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। महीपाल व उसका भाई पप्पू भतीजा अमित पुत्र सुरेंद्र और कुलदीप घायल हो गया। वहीं, सतपाल पक्ष से नीरज, दीपक, मुन्नी, रेखा, रामवीर, सोनू आदि घायल हो गए। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ दर्जनभर लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भिजवा दिया। हालांकि पुलिस ने किसी भी पक्ष की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। वहीं करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया हुआ है।