शराब पार्टी के बाद युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या, ये रही मर्डर की बड़ी वजह
मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के सुंदर नगर इलाके में आधा दर्जन युवकों ने एक युवक की शराब पार्टी के बाद कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात गुरुवार सरेआम खाली पड़े प्लॉट में बच्चों के सामने हुई। युवक के हाथ पर ‘अनुज’ नाम लिखा मिला। हालांकि शव की शनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब चार बजे तीन मोटरसाइकिलों पर करीब आधा दर्जन युवक एक युवक को लेकर सरधना रोड स्थित डिफेंस एंक्लेव के पीछे सुंदर नगर में खाली पड़े प्लॉट में पहुंचे थे। उसके बाद अपनी-अपनी बाइक से शराब, बीयर की बोतलें व नमकीन निकाली। वहां पर सभी ने बैठकर शराब पीनी शुरू कर दी। इस दौरान अचानक ही उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सभी युवक बाइक पर बैठाकर लाए गए युवक को पीटने लगे।
वह युवक बचाव के लिए इधर-उधर भागने लगा। लेकिन आरोपी युवकों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके बाद एक युवक ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके बाद एक गोली उसकी कमर में मारी गई। घटना को अंजाम देकर हत्यारोपी युवक बाइकों से फरार हो गए। सूचना पर इंस्पेक्टर एपी मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
हाथ पर लिखा था अनुज
पुलिस के अनुसार युवक ब्लू शर्ट और आसमानी जींस पहने था। हवाई चप्पल थी। उम्र करीब 23 वर्ष थी। उसके सीधे हाथ पर अनुज लिखा था। माना जा रहा है कि उसका नाम अनुज था।
बच्चों ने देखा लाइव मर्डर
घटना के दौरान आसपास ही बच्चे भी खेल रहे थे। बच्चों ने पुलिस को बताया कि सभी युवक यहां बैठकर शराब पी रहे थे। अचानक से सभी इसको (युवक को) पीटने लगे। गालियां देने के बाद उसे गोली मार दी। युवकों ने उसका मोबाइल भी तोड़ दिया और सिम रख लिया। उन्होंने अपनी आंखों से हत्या होते देखी। बच्चों ने आरोपियों के हुलिए के बारे में भी बताया। मौके से युवक का टूटा हुआ मोबाइल, शराब व बीयर की बोतलें व नमकीन के पैकेट भी बरामद हुए। लेकिन पुलिस ने उन्हें कब्जे में नहीं लिया। जबकि वह जांच में आरोपियों के खिलाफ अहम साक्ष्य साबित हो सकते हैं। वहीं, आसपास के लोगों ने दहशत के चलते आरोपियों को देखने या किसी को पहचानने से इंकार कर दिया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/