अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, चार लग्जरी गाड़ियां बरामद, पांच आरोपियों की तलाश जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बागपत जनपद में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की रात बावली रोड स्थित पशु पैंठ के पास से चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पास से लूटी और चोरी की गई चार लग्जरी गाड़ियां बरामद हुई है। तीनों बदमाशों पर हरियाणा, दिल्ली और यूपी में लूट, डकैती व चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा और उनकी टीम में शामिल एसएसआई बलराम सिंह, कांस्टेबल हरीश, नरेंद्र, एंपिल मंगलवार की रात बावली रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो कार सवारों को रुकने का इशारा किया गया। मगर, कार सवार पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम नीटू पुत्र नरेशपाल निवासी सिरसली थाना बिनौली, सचिन पुत्र राजेंद्र सिंह खेड़ा इस्लामपुर, करण पुत्र हरपाल सिंह कमला नगर बड़ौत बताए। मौके से पुलिस को आई-10 और फोर्ड फिगो कार बरामद हुई। इसके अलावा एक तमंचा, एक देशी पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बदमाशों की निशानदेही पर क्रेटा और होंडा सिटी कारें खेड़ा हटाना गांव से बरामद की गई है। तीनों ने हरियाणा, दिल्ली और यूपी में लूट, डकैती और चोरी की कई वारदात करना स्वीकार किया है।
यह भी पढ़ें: आखिर कौन है अरविंद राणा, जिसने चंद सालों में कमाए 10 करोड़, पूछताछ में उगले बड़े राज
सिरसली निवासी नीटू गिरोह का सरगना
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक गिरोह का सरगना सिरसली गांव निवासी नीटू है। इस गिरोह में आठ बदमाश है। इनके पास से मिली क्रेटा कार एक नवंबर 2019 को कुंडली, हरियाणा से लूटी गई थी। यह कार रणजीत सिंह पुत्र लाल सिंह निवासी पुरखास सोनीपत की है। इसके अलावा राम नारायण वर्मा निवासी कुंडली की आई-10 कार 29 जनवरी 2020 में चोरी की गई थी। एनएस तोमर की फिगो कार द्वारिकापुरी दिल्ली से चोरी की थी। होंडा सिटी कहां से लूटी गई? इसका पता लगाया जा रहा है।
कमला नगर बड़ौत में की थी फायरिंग
हरियाणा का राकेश उर्फ मोनू पुत्र लक्ष्मण भी इनके गिरोह में शामिल है। उसकी तलाश की जा रही है। अभी हाल में बड़ौत के कमला नगर में इन्होंने एक घर पर फायरिंग की थी। इसका मुकदमा भी बड़ौत थाने में दर्ज है।
दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने की पूछताछ
पकड़े गए बदमाशों पर हरियाणा और दिल्ली में आठ मुकदमे दर्ज हैं। हरियाणा व दिल्ली की पुलिस ने भी बड़ौत पहुंचकर बदमाशों से पूछताछ की। इसके अलावा तीनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/