गृह मंत्रालय पहुंचा यूपी पुलिस की गुंडई का मामला, कमांडो की पत्नी ने मांगा इंसाफ, अफसर खामोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में मेडिकल पुलिस द्वारा सीआरपीएफ के कमांडो सतेंद्र सिंह व उनके परिवार को पीटने और कमांडो को जेल भेजने का मामला डीजीपी मुख्यालय और गृह मंत्रालय तक पहुंच गया है। कमांडो की पत्नी मंजू सांगवान ने सीआरपीएफ कमांडेंट को मामले की जानकारी देकर इंसाफ मांगा है। कमांडेंट ने गृह मंत्रालय में उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। वहीं मेडिकल पुलिस की गुंडई के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
किठौली जानी निवासी सतेंद्र सिंह सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल हैं। वह जम्मू कश्मीर के बारामुला में बतौर कमांडो तैनात हैं। उनका परिवार 'के ब्लॉक' शास्त्रीनगर में रहता है। वह छह अगस्त को छुट्टी पर आए थे। बुधवार रात उन्होंने डिलीवरी ब्वॉय विवेक से बाइक तेज चलाने का विरोध किया था। वह शास्त्रीनगर 'के ब्लॉक' चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार व निलंबित दरोगा सुनील कुमार का खाना लेकर जा रहा था। यह दोनों दरोगा किराए पर कमांडो के मकान के पास रह रहे हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस की गुंडई, सीआरपीएफ के कमांडो को बेरहमी से पीटा, घर में की तोड़फोड़
घटना के बाद बुधवार रात को मेडिकल पुलिस ने हेड कांस्टेबल के घर में घुसकर परिजनों से मारपीट की। एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों ने सतेंद्र सिंह को पीटकर जीप में डाल लिया। मारपीट से हेड कांस्टेबल की पत्नी मंजू सांगवान और बेटे देवांश के पैर में फैक्चर आ गया। पुलिस का आरोप है कि सतेंद्र ने बाइक सवार युवक को पिस्टल दिखाकर मोबाइल छीना। घर पहुंची पुलिस पर हाथापाई कर पिस्टल तान दी। इसके बाद पुलिस ने सतेंद्र को गिरफ्तार किया था। गुरुवार को दरोगा जितेंद्र कुमार ने हेड कांस्टेबल पर दो मुकदमे दर्ज कराए, जबकि तीसरा मुकदमा बाइक सवार विवेक ने दर्ज कराया।
शुक्रवार को कमांडो की पत्नी मंजू ने बारामुला में सीआरपीएफ कमांडेंट को फोन पर मामले की जानकारी दी। कमांडेंट ने गृहमंत्रालय के अफसरों को अवगत कराया। कमांडो की पत्नी ने बताया कि पुलिस ने तीन मुकदमे दर्ज कर सतेंद्र को जेल भेज दिया है। जबकि वह जम्मू, झारखंड और त्रिपुरा में कई बड़े ऑपेरशन में शामिल रहे हैं। एक प्रार्थना पत्र के साथ गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने सतेंद्र की पत्नी व बेटे को दिल्ली बुलाया है।
नहीं बर्दाश्त होगी पुलिस की गुंडागर्दी, आईजी से करेंगे शिकायत
रालोद के वरिष्ठ नेता राजकुमार सांगवान, नरेंद्र खजूरी, अजय मान, सुबोध मलिक, विरेंद्र तोमर शुक्रवार को कमांडो के घर पहुंचे। राजकुमार सांगवान ने कहा कि यह पूरा मामला बाइक पर दरोगाओं को खाना लाने वाले युवक को टोकने का है। पुलिस खाना लाने वाले डिलीवरी ब्वॉय और दरोगा की कॉल डिटेल निकलवाए। रालोद नेताओं ने कहा कि पुलिस अफसर अपने विभागके सिपाही, दरोगा और इंस्पेक्टर को बचाने में जुटे हैं। वीडियो में पुलिस मारपीट करती दिख रही है। मामले की आईजी और एडीजी से शिकायत की जाएगी।
यह भी पढ़ें: खूब वायरल हो रहा इंस्पेक्टर का ये वीडियो, नहीं सुधर रही योगी की पुलिस, अब सामने आया नया मामला
वीडियो वायरल होने के बाद भी खामोश हैं अफसर
पुलिस अफसरों का कहना है कि हेड कांस्टेबल का मेडिकल कराया गया तो अल्कोहल की पुष्टि हुई। पुलिस पर लाइसेंसी पिस्टल भी तानी। वहीं तीन वीडियो वायरल हुईं। इसमें फैंटम सिपाही, दरोगा और अन्य पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल की पत्नी व मां से मारपीट कर रहे हैं। इस मामले में उच्च अधिकारी पुलिस की कार्रवाई को सही बता रहे हैं। पूरे प्रकरण की जांच सीओ सिविल लाइन हरिमोहन कर रहे हैं। एसएसपी ने शुक्रवार को सीओ और दरोगा जितेंद्र को आवास पर तलब किया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/