मुजफ्फरनगर: बेखौफ हैं बदमाश, भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से बंदूक लेकर हुए फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर के बरला में नेशनल हाईवे पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में दीवार में सेंध लगाकर बदमाश अंदर घुस गए। बदमाशों ने वहां रखी तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया। विफल रहने पर बदमाश बैंक से दो नाली बंदूक व कारतूस ले गए। बदमाश एक टेलीप्रिंटर को बाहर फेंक कर फरार हो गए। एसपी सिटी सतपाल अंतिल, सीओ सदर, क्राइम ब्रांच व डॉग स्क्वॉड टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
दिल्ली-दून हाईवे पर बरला में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा है। बैंक के उत्तर दिशा में पुरानी पुलिस चौकी का जीर्णशीर्ण अवस्था में बिल्डिंग है। बदमाशों ने रविवार की रात्रि में बैंक की दीवार में सेंध लगा दी। बदमाशों ने अंदर घुसकर चारों ओर लगे ईंट के स्लैब तोड़कर तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया। उसमें विफल रहने पर वहां रखी दोनाली बंदूक व कारतूस ले गए। एक टेलीप्रिंटर को बाहर फेंककर फरार हो गए।
वहीं सोमवार सुबह बैंक खुलने पर कर्मचारियों को वारदात के बारे में जानकारी हुई। बैंक कर्मचारियों ने तुरंत ही अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी सतपाल आंतिल, सीओ सदर कुलदीप कुमार, प्रभारी निरीक्षक पवन शर्मा मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाकर गहन जांच पड़ताल की। डॉग पहले तो अंदर बैंक में घुसा उसके बाद बाहर जहां सेंध लगी वहां पहुंचा। पुलिस को शक है कि कोई बैंक कर्मचारी बदमाशों के साथ घटना में जरूर शामिल रहा होगा। बैंक मैनेजर फिलहाल छुट्टी पर हैं। कोई कर्मचारी कुछ बताने को तैयार नहीं है।
यह भी पढ़ें: बैंक से रायफल लूटकर फरार हुए बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, देखें तस्वीरें
एक कर्मचारी ने सीओ सदर को बताया कि कैश रूम में सायरन लगा हुआ है, जो रात में किसी के बैंक परिसर में घुसते ही बजने लगता है। हालांकि उसका स्वीच बंद है। एसपी सिटी का कहना है कि साक्ष्य के आधार पर गहन जांच की जाएगी और बैंक में लगे सुरक्षा उपकरणों से छेड़छाड़ करने वाले कर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दो दिनों से सेंधमारी कर रहे थे बदमाश
सेंध लगाने का कार्य एक रात में नहीं हुआ। मौका देखकर लगता है कि दो रात में सेंध का कार्य किया गया। शनिवार रात्रि को बदमाश जहां सेंध लगा रहे थे, वहां उसके सामने एक अलमारी रखी थी। बदमाशों ने उसमें ईंटें ज्यों की त्यों लगा दी। फिर अगली रात में उसके बराबर सेंध लगाकर बदमाश अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया गया।
सीसीटीवी में कैद हुए दो बदमाश
बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो बदमाश कैद हुए हैं। जो बैंक में घुस कर चोरी का प्रयास कर रहे हैं। बाद में वो वहां पर रखी बैंक की लाइसेंसी दोनाली बंदूक और एक दर्जन से अधिक कारतूस चोरी कर ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज ले ली है और बदमाशों की तलाश में लगी है। छपार इंस्पेक्टर पवन शर्मा ने बताया कि दो बदमाशों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/