यूपी: तीन साल के बच्चे का अपहरण कर मांगी 20 लाख की फिरौती, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घर में अपने मां-बाप के साथ सो रहे तीन वर्षीय बच्चे का मंगलवार रात में बदमाशों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद कॉल करके परिजनों से 20 लाख रुपये फिरौती मांगी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वारदात के चार घंटे बाद ही सर्विलांस की मदद से बदमाशों को घेर लिया और मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला यूपी के सहारनपुर शहर का है।
कोतवाली बड़गांव क्षेत्र के ग्राम टपरी निवासी नीरज उर्फ सोलू मंगलवार रात पत्नी प्रवेश और तीन साल के बेटे देव के साथ नवनिर्मित घर के एक कमरे में सो रहा था। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि मकान में दरवाजा नहीं लगा था। देर रात लगभग ढाई बजे चार लोग उसके घर में घुसे और मां के पास सो रहे देव को उठा ले गए, साथ ही महिला का मोबाइल फोन भी चोरी करके ले गए। लगभग आधा घंटे बाद जब प्रवेश की आंख खुली और बच्चे को नहीं देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने पति नीरज को जगाया और आसपास बच्चे को तलाश किया। जब उसका कहीं पता नहीं चला तो नीरज ने पुलिस को सूचना दी। इसके कुछ देर बाद ही नीरज के पास बदमाशों ने कॉल करके 20 लाख रुपये फिरौती की मांग की, जिससे परिवार में दहशत पसर गई।
वहीं मासूम के अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक देहात विद्यासागर मिश्र, सीओ एवं अन्य अधिकारी बड़गांव पहुंच गए। क्राइम ब्रांच एवं सर्विलांस टीम भी लगा दी गई। एसएसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि अपहरण करने वाले आरोपी गंगोह में हैं, जिसके बाद गंगोह में एक मकान की घेराबंदी की और मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अपहृत बच्चे देव को सकुशल बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में अक्षय, प्रवीण निवासी ग्राम सांवतखेड़ी और सोनू निवासी चमनपुरा गंगोह शामिल हैं, जबकि आरोपी सुमित फरार हो गया। आरोपियों के पास से दो तमंचे और कारतूस, चोरी किया गया मोबाइल फोन और दो मोटर साइकिल बरामद हुई है।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि 20 लाख रुपये की फिरौती के लिए अपहरण किया गया था, लेकिन पुलिस ने सर्विलांस की मदद से चार घंटे में ही बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी को तलाश किया जा रहा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/