गन प्वाइंट पर लेकर ज्वैलरी शॉप लूटी, ताबड़तोड़ फायरिंग, शहर में सनसनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी पुलिस को बदमाशों ने फिर चुनौती दे डाली। टीपी नगर के किशनपुरा इलाके में बुधवार रात तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने सराफ को गन प्वाइंट पर लेकर 10 लाख से ज्यादा के जेवर और नकदी लूट ली। ताबड़तोड़ फायरिंग में एक युवक घायल हो गया तो एक युवक को पिस्टल की बट मारकर घायल कर दिया गया। गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद कर बागपत रोड जाम कर दिया। पुलिस अफसरों को घेरकर जमकर खरी खोटी सुनाई।
किशनपुरी के झंडा चौक पर सुमनपुरी निवासी अनिल मित्तल की तिरुपति जेम्स एंड ज्वैलर्स नाम से शॉप है। शॉप की ऊपरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है। सराफ के अनुसार बुधवार रात करीब 8:15 बजे तीन बदमाश शॉप में आए। उन्होंने मफलर से मुंह ढका था। शॉप का शीशे का गेट बंद कर पर्दे डाल दिए। एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तानकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। दो बदमाशों ने पूरी शॉप खंगाली। तिजोरी, शोकेस और अलमारियों में रखे जेवर और गल्ले की नकदी लूट ली।
बदमाश बाहर खड़ी बाइक से भागे तो सराफ शोर मचाते हुए बाहर दौड़ा। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। जिस पर दो बदमाश पैदल ही भागने लगे। पास में फड़ लगाने वाले अरुण ने एक बदमाश को दबोचा तो बदमाश ने कनपटी पर पिस्टल की बट मारकर उसे घायल कर दिया। भीड़ फिर पीछे दौड़ी तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जिसमें पुष्प विहार निवासी रविंद्र पैर में छर्रा लगने से घायल हो गया।
व्यापारियों ने बागपत रोड जाम कर किया हंगामा
घटना के विरोध में व्यापारियों ने मलियाना, किशनपुरा मार्केट बंद कर बागपत रोड जाम कर दिया। सूचना पर संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, दलजीत सिंह, लल्लू मक्कड़ , किशनपुरा व्यापार संघ अध्यक्ष कृष्ण कुमार कंसल आदि दर्जनों व्यापारी नेता भी पहुंच गए। व्यापारियों ने एसपी सिटी और सीओ ब्रह्मपुरी को घेरकर बढ़ते अपराधों पर तीखी नाराजगी जतायी। अफसरों ने किसी तरह उन्हें भरोसा देकर जाम खुलवाया। बाद में पुलिस अफसरों ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी के अनुसार बदमाश करीब नौ लाख के जेवर और 60 हजार रुपये लूटकर ले गए। बदमाश जल्द पकड़े जाएंगे। हालांकि व्यापारियों में चर्चा थी कि लूट 25 लाख से अधिक की है।
गोलियों के आगे दे गई हिम्मत जवाब
ज्वैलरी शॉप में लूट के बाद भागे बदमाशों को पकड़ने के लिए आसपास के दुकानदारों और पब्लिक ने पूरी हिम्मत दिखाई। शिव डेरी के पास फड़ लगाने वाले अरुण ने एक बदमाश दबोचा तो बदमाश ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर कहा कि उसे नहीं छोड़ा तो वह उसका भेजा उड़ा देगा। अरुण इस पर भी नहीं डरा तो बदमाश ने उसकी कनपटी पर जोर से पिस्टल की बट दे मारी जिससे चक्कर खाकर गिर पड़ा। इसके बावजूद भी पब्लिक ने पीछा किया तो बदमाशों ने सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिसमें रविंद्र नाम का युवक घायल हुआ तो पब्लिक की हिम्मत जवाब दे गई और बदमाश भाग निकले।
सिम फेंककर भागे
सराफ के अनुसार बदमाश उनका मोबाइल फोन ले जाने लगा तो उन्होंने कहा कि मोबाइल भले ले जाओ, लेकिन सिम देते जाओ। बदमाश ने उसकी बात मानकर सिम निकालकर फेंक दिया।
मंदिर भी नहीं छोड़ा
बदमाशों ने दुकान के मंदिर को भी नहीं छोड़ा। उसमें रखे रुपये तक लूट लिए। दुकान में रखे हर डिब्बे को खोलकर उसमें रखी ज्वैलरी कब्जे में ले ली थी।
परिवार में दहशत
घटना के दौरान सराफ के घर की महिलाओं ने भी जीने से बदमाशों को देखा। एक महिला ने बताया कि बदमाश सामान समेटकर ले जाते हुए कह रहे थे कि उन्हें इस घटना के लिए 10 लाख की सुपारी मिली है। इस घटना से घर के बच्चे भी काफी सहमे हुए थे।
कब तक लुटेगा व्यापारी
गुस्साए व्यापारियों ने जाम लगाने के दौरान पुलिस अफसरों को खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि आखिर व्यापारी कब तक लुटेगा। किशनपुरा व्यापार संघ के अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों ने कहा कि हर वारदात के बाद पुलिस केवल आश्वासन ही देती है। खुलासा नहीं करती। एक व्यापारी ने सीओ से कहा कि आज मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर लो कि इस टाइम में कितनी बार गश्ती पुलिस आई। व्यापारी नेता सरदार दलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस चुनाव में व्यस्त होने का बहाना कर रही है, जो ठीक नहीं है।
साहब इलाज करवा दो
गोली लगने से घायल रविंद्र को पुलिस ने निजी अस्पताल भेजा। लेकिन अस्पताल वालों ने इलाज से मना किया। उसके साथी उसे घटनास्थल पर उठाकर ले आए। बाद में एसपी सिटी ने उसे पुलिस कर्मियों के साथ अस्पताल भेजा।